Advertisement

गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर टाउन हॉल में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से झूमा शिबू सोरेन स्मृति भवन, देशभक्ति में रंगा माहौल

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला मुख्यालय के समीप स्थित शिबू सोरेन स्मृति भवन (टाउन हॉल) में 77वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर 25 जनवरी को जिला प्रशासन के तत्वावधान में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत, नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट और राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर हो उठा।

जानकारी के अनुसार टाउन हॉल में कार्यक्रम की शुरुआत बोकारो के गुरु गोबिंद सिंह पब्लिक स्कूल (जीजीपीएस) सेक्टर फाइव के बच्चों द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना से की गयी, जिसने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके उपरांत विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दी।

इस अवसर पर जीजीपीएस चास द्वारा मन समर्पित तन समर्पित गीत की भावपूर्ण प्रस्तुति, एमजीएम विद्यालय द्वारा राष्ट्र आराधना गीत, जिसने देशप्रेम की भावना को प्रबल किया। केजीबीवी सीएम एसओई कसमार की छात्राओं द्वारा संताली आदिवासी नृत्य, जिसने जनजातीय संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत की। होली क्रॉस पब्लिक स्कूल द्वारा किसान एवं खेती आधारित नृत्य, जिसमें ग्रामीण भारत की आत्मा को दर्शाया गया। अयप्पा पब्लिक स्कूल द्वारा संसाधन संरक्षण विषय पर आधारित नृत्य, जिसने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) चंदनकियारी द्वारा रानी लक्ष्मीबाई पर आधारित नृत्य, जिसमें वीरता और बलिदान का जीवंत चित्रण प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम के दौरान डीएवी पब्लिक स्कूल सेक्टर फोर द्वारा ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित गीत-नाट्य, जिसने दर्शकों को भावुक कर दिया। रामरुद्र सीएम एसओई चास की छात्रा द्वारा देशभक्ति एकल नृत्य की सशक्त प्रस्तुति की गयी। सरदार पटेल पब्लिक स्कूल द्वारा देशभक्ति नृत्य, जिसमें राष्ट्र गौरव झलकता रहा। केजीबीवी जरीडीह की छात्राओं द्वारा समूह नृत्य प्रस्तुत किया गया। चिन्मय विद्यालय द्वारा सिंदूर की शपथ विषय पर आधारित नृत्य-नाटक, जिसने शौर्य और संकल्प का संदेश दिया। बोकारो पब्लिक स्कूल द्वारा महिला सशक्तिकरण पर आधारित नृत्य, जिसे दर्शकों ने सराहा।

केजीबीवी चास द्वारा महाभारत संदर्भ पर आधारित नृत्य, जिसमें भारतीय संस्कृति और मूल्यों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का समापन जीजीपीएस सेक्टर फाइव द्वारा प्रस्तुत बेटी हिंदुस्तान की गीत से किया गया, जिसने उपस्थित दर्शकों को गर्व से भर दिया।

इस अवसर पर बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, डीआरडीए निदेशक मेनका, अपर समाहर्ता मो. मुमताज़ अंसारी, अनुमंडल पदाधिकारी (चास) प्रांजल डांडा, डीसीएलआर चास प्रभाष दत्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी जगरनाथ लोहरा, जिला शिक्षा अधीक्षक अतुल कुमार चौबे, जिला आपूर्ति पदाधिकारी शालिनी खलखो, जिला परिवहन पदाधिकारी मारुति मिंज, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों द्वारा सभी प्रतिभागी विद्यालयों के बच्चों को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। टाउन हॉल में गणतंत्र दिवस की पुर्व संध्या पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने यह सिद्ध कर दिया कि जिले के छात्र-छात्राओं में देश प्रेम, संस्कृति और सामाजिक चेतना गहराई से रची-बसी है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *