प्रहरी संवाददाता/बोकारो थर्मल (बोकारो)। बोकारो थर्मल स्थित कार्मेल स्कूल में 12 दिसंबर को वार्षिक खेल कूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन धूमधाम और अनुशासनपूर्ण वातावरण में किया गया।
इस अवसर पर पूरे स्कूल परिसर को रंग-बिरंगे झंडों, गुब्बारों और पोस्टरों से सजाया गया था। प्रतियोगिता को लेकर सुबह से ही विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के सहायक समादेष्टा दिव्यांश भारद्वाज एवं विशेष अतिथि स्टेट ऑफिसर डीवीसी बोकारो थर्मल सुरजीत सरकार द्वारा आसमान में बैलून उड़ाने के साथ किया गया।
इसके बाद स्कूल बैंड द्वारा ध्वज वंदन और मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया, जिसमें सभी हाउसेज़ यथा रेड, ब्लू, ग्रीन और येलो ने तालबद्ध कदमों व् अनुशासन के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। मुख्य अतिथि ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में नेतृत्व, धैर्य और टीम भावना को विकसित करता है।
इस अवसर पर खेलों का प्रारंभ सौ मीटर रेस से किया गया, जिसमें बच्चों ने अपनी पूरी ऊर्जा के साथ भाग लेकर मैदान में उत्साह भर दिया।
इसके बाद 200 मीटर दौड़, 400 मीटर दौड़, रिले रेस, स्लो साइकिल रेस, रिंग रेस, मटका रेस, क्रिकेट और कराटे डेमो जैसे रोमांचक कार्यक्रम आयोजित किए गये।
इन खेलों में बच्चों की मासूम प्रतिस्पर्धा और खुशियों ने पूरे मैदान का माहौल खुशनुमा कर दिया। आयोजित खेलकूद कार्यक्रम के गवाह विद्यार्थियों के अभिभावक बनें, जिन्होंने अपनी उपस्थिति से खेल मैदान का माहौल बनाए रखा।
प्रतियोगिता के पश्चात विभिन्न प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किए गए और विजेताओं को मेडल, प्रमाण पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। ट्रॉफी वितरण के लिए मुख्य अतिथि दिव्यांश भारद्वाज, सुरजीत सरकार, सिस्टर एम. डेलिया ए.सी, सिस्टर एम. इन्नेट एसी, सिस्टर मेवीस, अरघा बासु, सुरेश गायकवाड, फादर माइकल लकरा आदि को आमंत्रित किया गया, जिन्होंने बच्चों को मेडल और सर्टिफिकेट देकर उनके उत्साह को बढ़ाया।
ज्ञात हो कि इस वर्ष रेड हाउस ने सर्वाधिक अंक प्राप्त कर हाउस चैंपियनशिप ट्रॉफी जीत ली। मुख्य अतिथि ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि जीत-हार से ऊपर खेल भावना का विकास सबसे महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम का समापन प्रधानाचार्या सिस्टर एम. डेलिया एसी के संबोधन से किया गया। उन्होंने कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के शारीरिक ही नहीं बल्कि मानसिक विकास के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने खेल विभाग तथा सभी शिक्षकों को सफल आयोजन के लिए साधुवाद दिया।अंत में राष्ट्रीय गान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाओं का अहम योगदान रहा।
![]()













Leave a Reply