प्रहरी संवाददाता/हाजीपुर (वैशाली)। वैशाली जिला के हद में कटहरा ओपी क्षेत्र के सेहान में सरकारी विद्यालय में कार्यरत एक शिक्षिका प्रिया भारती द्वारा आत्महत्या कर लिए जाने का समाचार प्राप्त हुआ है। घटना स्थल से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें आत्महत्या का दावा किया गया है।
पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शव घर के भीतर सीढ़ी के पास पतली रस्सी से लटका पाया गया, जहां मुड़े हुए पैर जमीन से सटे थे।
सूचना मिलने पर कटहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
मृत शिक्षिका की पहचान जंदाहा थाना क्षेत्र के रसूलपुर रहिवासी दीपक राज की पत्नी प्रिया भारती के रूप में हुई है। प्रिया भारती की तीन महीने की एक बेटी है। बताया गया है कि मृतका स्कूल के नजदीक किराए के मकान में अकेली रह रही थीं। सुसाइड नोट में मृतका ने लिखा कि उसका किसी से कोई विवाद नहीं है। वह अपनी स्वेच्छा से जीवन समाप्त कर रही है। नोट में स्पष्ट किया गया है कि यह कोई हत्या नहीं है और इसमें किसी व्यक्ति की कोई भूमिका नहीं है। उन्होंने अपने माता-पिता से माफी मांगते हुए लिखा कि यह उनका निजी निर्णय है।
सुसाइड में प्रिया ने यह भी लिखा कि उनका शव रसूलपुर न ले जाया जाए और अंतिम संस्कार हाजीपुर में ही किया जाए। उन्होंने मुखाग्नि अपनी बेटी से दिलाने की इच्छा जताई और पति या परिवार के खिलाफ किसी प्रकार का मुकदमा दर्ज न करने का अनुरोध किया। साथ ही मोबाइल फोन पति को सौंपने और उसमें मौजूद नोट्स, ऑडियो व वीडियो की जानकारी भी दी।
घटना की सूचना पर पहुंचे परिवार वालों का रो-रो कर बुरा हाल है। तीन महीने की मासूम बच्ची के सिर से मां का साया उठ गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव फंदे से लटका मिला है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल सुसाइड नोट समेत सभी तथ्यों की गहन जांच की जा रही है।
![]()













Leave a Reply