Advertisement

कसमार के टांगटोना व् बरईकला में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम आयोजित

ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ, अधिकारियों ने दिए महत्वपूर्ण निर्देश

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के टांगटोना तथा बरईकला में 28 नवंबर को सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जानकारी के अनुसार कसमार प्रखंड के टांगटोना पंचायत सचिवालय में आयोजित आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार कार्यक्रम के तहत शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों की समस्याएँ सुनी गईं और कई योजनाओं से संबंधित दस्तावेज एवं स्वीकृतियाँ लाभुकों के बीच वितरित की गईं। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कार्यक्रम में शामिल होकर सरकारी सुविधाओं का लाभ उठाया।

कार्यक्रम में उपस्थित जिला भू-अर्जन पदाधिकारी द्वारिका प्रसाद बैठा ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ बिना किसी विलंब के हर पात्र रहिवासी तक पहुँचे। शिविर के माध्यम से हम सीधे जनता से जुड़ते हैं और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने का प्रयास करते हैं। टांगटोना पंचायत में रहिवासियों की अच्छी भागीदारी यह दर्शाती है कि ग्रामीण जागरूक हो रहे हैं। अंचल अधिकारी (सीओ) नरेंद्र कुमार सिंह ने राजस्व, भूमि संबंधित एवं प्रमाण पत्र से जुड़े कई मामलों का ऑन स्पॉट निपटारा किया तथा कहा कि सरकार आपके साथ है। हर जरूरी सेवा अब गांव स्तर पर उपलब्ध है।

विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद शेरे आलम ने कहा कि विधायक के निर्देश पर वे लगातार जनता के बीच रहकर उनकी समस्याएँ सुन रहे हैं। सरकार आपके द्वार शिविर से ग्रामीणों की बड़ी समस्याएँ हल होती हैं। ग्रामीणों की उत्साहजनक उपस्थिति है। लक्ष्य है कि कोई भी लाभुक योजनाओं से वंचित न रह जाए। बीडीओ नम्रता जोशी ने कहा कि प्रखंड प्रशासन पूरी तत्परता से शिविरों का संचालन कर रहा है।

मौके पर कई विभागों की टीमों ने मिलकर ग्रामीणों की बात सुनी और उनका समाधान किया। हम सुनिश्चित कर रहे हैं कि लंबित मामलों का जल्द से जल्द निपटारा हो। मुखिया सुमित्रा कुमारी ने कहा कि पंचायत में कई लंबे समय से लंबित कार्य थे, जिन पर आज अधिकारियों द्वारा स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए। ग्रामीणों को अब सुविधा घर के पास ही मिल रही है, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिल रही है।

पंचायत सेवक अफरोज आलम ने कहा कि शिविर में पंचायत स्तर पर कई प्रमाण पत्र, आवेदन और शिकायतों के मामलों पर कार्रवाई की गई। हमारा प्रयास है कि पंचायत के हर नागरिक को सरकारी सेवाएँ समय पर मिलें। रोजगार सेवक ओमप्रकाश नायक ने कहा कि मनरेगा से जुड़े कई श्रमिकों ने काम और भुगतान से संबंधित सवाल पूछे। सभी को स्पष्ट जानकारी दी गई और कई नये जॉब कार्डों की प्रक्रिया शुरू की गई। हमारी कोशिश है कि अधिक से अधिक लाभुको को रोजगार उपलब्ध कराया जाए।

कार्यक्रम के दौरान वृद्धावस्था पेंशन, राशन कार्ड, जाति/आय/निवास प्रमाण पत्र, किसान पंजीकरण, मनरेगा, सामाजिक सुरक्षा योजनाएँ और अन्य विभागीय सेवाएँ प्रदान की गईं। ग्रामीणों ने शिविर के आयोजन पर संतोष व्यक्त किया और इसे बेहद लाभकारी बताया। मौके बिमल कुमार जायसवाल, फ़टीक चंद्र महतो, मदन कुमार महतो, रूपलाल महतो सहित सभी विभाग के कर्मी उपस्थित थे।

एक अन्य जानकारी के अनुसार कसमार प्रखंड के बरई कला में सरकार आपके द्वार शिविर में लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। आयोजित आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों को प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र एवं अन्य परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। इस अवसर पर कसमार प्रखंड प्रमुख नियोती कुमारी ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुँचे। इस प्रकार के शिविर ग्रामीणों को सुविधा देने का सबसे प्रभावी माध्यम है। मुखिया अनीता देवी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि पंचायत के किसी भी जरूरतमंद को योजनाओं से वंचित न रहना पड़े। पंचायत समिति सदस्य दिलीप कुमार महतो ने कहा कि जनसेवा शिविरों से ग्रामीणों को अब प्रखंड या जिला कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सरकार की योजनाएँ अब सीधे गाँव के दरवाज़े पर उपलब्ध हैं। यह वास्तव में सराहनीय पहल है।

पंचायत सेवक गौतम कुमार ने कहा कि शिविर में बरई कला पंचायत के कई लंबित मामलों का निपटारा किया गया। रोज़गार सेवक भीम कुमार ने कहा कि मनरेगा सहित रोजगार आधारित योजनाओं को लेकर रहिवासियों के जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। पात्र श्रमिकों को समय पर काम और भुगतान दिलाना उनकी प्राथमिकता है। आयोजित शिविर में वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, राशन कार्ड, आय/जाति/निवास प्रमाण पत्र, किसान पंजीकरण, मनरेगा जॉब कार्ड सहित कई योजनाओं से संबंधित सेवाएँ प्रदान की गईं। ग्रामीणों ने शिविर के आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की और इसे बेहद उपयोगी बताया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *