रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। शारदीय नवरात्रि की नवमी तिथि एक अक्टूबर को बोकारो जिला के हद में पेटरवार के आसपास के मंदिरों में कन्या पूजन का आयोजन किया गया। इस दौरान घरों एवं मंदिरों में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार महानवमी को सुबह से ही महिलाओं और पुरुषों ने छोटी कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन कराया और उपहार भेंट किए। साथ हीं माता रानी की चुनरी ओढ़ाकर कुंवारी कन्याओं को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पेटरवार के प्राचीन दुर्गा मंदिर खत्री टोला के प्रांगण में भक्तों ने मां दुर्गा के नौ रूपों की प्रतीक छोटी कन्याओं को महिलाओं एवं कुमारी कन्याओं ने विधि विधान के साथ चरण धोकर, टीका लगाकर, चुनरी ओढ़ाकर आसन में बिठाया तथा पूजन किया। साथ हीं तरह-तरह के पकवान का भोजन कराया गया। वहीं कन्याओं को फल, मिठाई, वस्त्र और दक्षिणा भेंट की गई। शक्ति स्वरूप कुंवारी कन्याओं ने भी बड़ों को आशीर्वाद देकर उनके जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की। कई स्थानों पर छोटे बच्चों (भैरव बाबा) का भी पूजन कर उन्हें भोजन और उपहार दिए गए।

ज्ञात हो कि, पिछले नौ दिनों से घरों और मंदिरों में माता रानी की आराधना और पूजा-अर्चना का सिलसिला जारी था। नवमी के साथ ही भक्तों द्वारा मां सिद्धिदात्री की उपासना कर नवरात्रि का समापन किया गया। इस अवसर पर मंदिरों में भक्ति जागरण, धार्मिक ड्रामा, प्लस टू हाई स्कूल पेटरवार के मैदान में विजयदशमी पर 2 अक्टूबर को रावण दहन कार्यक्रम का भी आयोजन किया जायेगा। भक्तों ने बताया कि नवरात्रि के नौ दिन शक्ति की साधना और भक्ति का पर्व होता हैं। मान्यता है कि माता रानी की उपासना करने से सुख-शांति और समृद्धि की प्राप्ति होती है।
![]()













Leave a Reply