बोल बम बोलबम, डमरू बाजे डम डमा डम से गुंजायमान हो रहा धरती-आकाश
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर के पहलेजा धाम से गेरूआ धारी बोलबम डाक कांवड़ियों का पहला जत्था 13 जुलाई को यहां से 65 किलोमीटर दूर मुजफ्फरपुर स्थित बाबा गरीबनाथ पर जलाभिषेक के लिए रवाना हो गया। बोल बम बोल बम, डमरू बाजे डम डमा डम के भक्ति गीतों से धरती-आकाश गुंजायमान हो रहा है।
दिन में भीषण गर्मी से बेहाल डाक कांवरियों ने पहलेजा धाम में मठ – मंदिरों, रैन बसेरों एवं पर्यटन विभाग के सौजन्य से सोनपुर के सुप्रसिद्ध समाजसेवी ज्ञानेन्द्र सिंह टुनटुन द्वारा निर्मित टेंट सिटी में शरण ले रखी थी। सारी सुविधाओं से लैस इस टेंट सिटी में गर्मी हो या बरसात किसी भी तरह की कठिनाई नहीं हो रही है। यहां 500 कांवरियों के रहने की सुविधा है। निरंतर पंखा चल रहा है। रोशनी, पेयजल, शौचालय की भी व्यवस्था की गई है। घाट किनारे गर्मी से बेहाल कुछ कांवरियों ने कहा कि यहां भी टेंट, शामियाना, पंडाल आदि की व्यवस्था होनी चाहिए थी।
दक्षिणायनी गंगा का किनारा शिव भक्तों से पट गया है। सुबह से दोपहर बाद तक पहलेजा धाम भीषण गर्मी के ताप से दहक रहा था, जिस कारण डाक कांवरियों ने यत्र – तत्र रहकर विश्राम किया। शाम में मौसम ने करवट बदला और डाक कांवरियों के शरीर में भी मौसम अनुकूल होते देख जान में जान आ गई। वे घाट की ओर बढ़े। भारी तादाद में उन्होंने पहलेजा धाम में दक्षिणायणी गंगा नदी में डुबकी लगायी।
कांवर में जल उठाते और तीर्थ पुरोहितों के समक्ष संकल्प लेते डाक कांवरियों का जत्था भोले बाबा की भक्ति में रम गया। उन्होंने एकमेव संकल्प लिया है कि बाबा गरीब नाथ के दरबार मुजफ्फरपुर पहुंचकर ही दम लेंगे।चरैवेति -चरैवेति डाक कांवरियों का इस समय ध्येय वाक्य बन गया है।
“आगे बढ़ो और बढ़ते रहो” कांवरियों का बना ध्येय वाक्य
मुजफ्फरपुर जिला के हद में मोतीपुर रहिवासी डाक कांवरिया
सुधीश कुमार यादव अपने दल के साथ गंगा तट पर अरेराज धाम एवं गरीबनाथ स्थान पर जलाभिषेक के लिए संकल्प ले चुके हैं। उनकी माता ने उनकी जीवन रक्षा के लिए पांच साल तक कांवर यात्रा का संकल्प लिया था। वे आज सुरक्षित हैं और यह उनका पांचवां साल है। उनके परिजन भी यात्रा में शामिल हैं। उन्होंने बताया कि डाक कांवरियों का एक ही ध्येय वाक्य है आगे बढ़ो और बढ़ते रहो यह हमें जाग्रत होने, कर्मठ बनने और निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दे रहा है। सफलता का मार्ग सही दिशा में निरंतर आगे बढ़ते जाने में ही निहित है। केवल वे ही जीवन में सफल होते हैं जो जाग्रत होकर आगे बढ़ते हैं।
दानापुर के मनेर रहिवासी बुजुर्ग नरेंद्र सिंह भीषण गर्मी मे कांवरिया पथ पर साइकिल से आते राहर दियारा चौक पर दुखहरनी दुर्गा माता मंदिर के समीप अजय राज टी स्टॉल के पास ठहरकर बाबा हरिहरनाथ मंदिर का पता पूछते मिलते हैं। उन्हें शुद्ध जल और पेयजल उपलब्ध कराई जाती है। उनकी तमन्ना थी कि प्रथम सोमवार को बाबा हरिहरनाथ पर जलाभिषेक करेंगे। वे बताते हैं कि परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं होने और बाबा हरिहरनाथ में आस्था के कारण वे संकल्प लेकर साइकिल से ही चल पड़े हैं।
लालू यादव चौक एनएच 19 पर सोनपुर अनुमंडलीय चिकित्सालय की ओर से अस्थाई स्वास्थ्य शिविर लगाया गया है। यहां शिविर प्रभारी राजकुमार राम, डॉ. माला कुमारी, एएनएम उर्मिला देवी, एंबुलेंस इंचार्ज रणधीर कुमार, पीएनटी चालक कुंदन कुमार ड्यूटी पर तैनात दिखे। प्रभारी ने बताया कि यहां सभी तरह की आपातकालीन सुविधा उपलब्ध है। इस पथ पर पहलेजा धाम की ओर बढ़ने पर चौरसिया चौक पर शिविर चौरसिया चौक चौसिया में कांवरिया सेवा शिविर लगाया गया है।
क्या कहते है पहलेजा धाम अध्यक्ष लालबाबू राय
पहलेजा धाम के विकास के लिए पिछले चार दशक से सक्रिय अध्यक्ष लाल बाबू राय कंट्रोल रूम से माइक पर बेतरतीब दुकान लगाने वाले दुकानदारों एवं जैसे – तैसे पूजा और संकल्प करा रहे पुरोहितों को डाक कांवरियों को नि:स्वार्थ भाव से सहयोग की बात कर रहे थे, ताकि पहलेजा धाम का नाम खराब न हो। असामाजिक तत्वों को भी उनके द्वारा चेतावनी दी जा रही थी कि वे पहलेजा धाम छोड़कर निकल जाएं। उन्होंने बातचीत के क्रम मे कहा कि बिहार से झारखंड अलग होने के बाद पहलेजा धाम और गरीबनाथ बिहार का इकलौता कांवरिया यात्रा बन गया है। उन्होंने कहा कि देर रात तक 51 हजार से अधिक डाक कांवरियों का जत्था बाबा गरीब नाथ के लिए रवाना हो चुका है।
सोनपुर अनुमंडल के कार्यपालक दंडाधिकारी नियंत्रण कक्ष से स्वयं रख रहे थे निगरानी
सोनपुर अनुमंडल के कार्यपालक दंडाधिकारी रामजी राम स्वयं स्वास्थ्य विभाग के मेला नियंत्रण कक्ष मे बैठकर पहलेजा धाम गंगा घाट की व्यवस्था पर नजर रख रहे थे। उन्होंने दुकानदारों को सुव्यवस्थित दुकान लगाने की बात कही। उन्होंने कहा कि दुकानदारों द्वारा व्यवस्था में बाधा डाली जायेगी और कांवरियों को परेशानी होगी तो ऐसे दुकानों को हटा दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि सभी दुकानदार, तीर्थ पुरोहित कांवरियों की सुविधा में सहभागी बने।
पहलेजा धाम गंगा माता मुख्य प्रवेश द्वार के निकट कंट्रोल रूम लगातार कार्यरत है, जिसमें मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारी बैठे हैं और उक्त प्रवेश मार्ग से अंदर जाने वाले पर उनकी नजर है। कंट्रोल रूम के पास कांवरियों की परेशानियों को दूर करने के लिए सुझाव भी दिया जा रहा है। कोई भी गलत व्यक्ति पहलेजा धाम घाट की ओर न पहुंचे उस पर निगरानी रखी जा रही है।
![]()













Leave a Reply