Advertisement

अंतर्राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे पर नि:शुल्क स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर का आयोजन

गरीबों के अलावा शिक्षित एवं प्रबुद्ध भी उठाते हैं इसका लाभ-डीआईजी

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। अंतर्राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के अवसर पर एक जुलाई को नागरिक सुरक्षा बोकारो द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। उक्त शिविर बोकारो के चास स्थित आकाश अस्पताल में आयोजित किया गया।

उद्घाटन पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) सुरेंद्र कुमार झा, अनुमंडल पदाधिकारी चास ओम प्रकाश गुप्ता तथा आकाश अस्पताल की निर्देशिका डॉ पदमा एवं सिविल डिफेंस के डिवीजनल वार्डन शह राज्य प्रशिक्षण पदाधिकारी डॉ एसपी वर्मा ने संयुक्त रूप से किया।

जानकारी के अनुसार उक्त शिविर में लगभग 450 रोगियों का इलाज किया गया। इलाज के दौरान सभी रोगियों को मुफ्त में दवा भी दी गई। आवश्यकतानुसार रोगियों का रक्त जांच भी किया गया।

उक्त शिविर में शहर के जाने-माने शिशु रोगी विशेषज्ञ डॉ इमरान असगर, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ पदमा, हृदय एवं डायबिटीज के विशेषज्ञ डॉ आकाश, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ पूजा, आकस्मिक चिकित्सा के विशेषज्ञ डॉ निशांत कुमार, जनरल फिजिशियन डॉ दिनेश तथा फार्मासिस्ट खुशबू ने रोगियों की जांच कर दवा का वितरण किया।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस उपमहानिरीक्षक सुरेंद्र कुमार झा ने शिविर की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से गरीबों के अलावा शिक्षित एवं प्रबुद्ध जन भी लाभ उठाते हैं। उन्होंने उपस्थित रोगियों को कहा कि बेहतर जीवन जीने के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच जरूरी है।

अनुमंडल पदाधिकारी चास सह उप नियंत्रक सिविल डिफेंस बोकारो ओम प्रकाश गुप्ता ने नागरिक सुरक्षा द्वारा जनहित में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि नागरिक सुरक्षा बोकारो केवल आपदा-विपदा में ही नहीं, बल्कि सामान्य समय में भी इस तरह का शिविर का आयोजन करता रहता है।

प्रशिक्षण पदाधिकारी डॉ वर्मा ने बताया कि अगर आप समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाते रहें तो अचानक गंभीर बीमारी से निजात पा सकते हैं। कार्यक्रम में भगवती कॉलोनी के समाजसेवी भूपेंद्र सिंह ने सभी मरीजों की बेहतर स्वास्थ्य की कामना करते हुए रोगियों के लिए हर तरह का मदद का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में सिविल डिफेंस के डॉ करण कुमार, पोस्ट वार्डन रवि, जयप्रकाश, मुकेश वर्मा, इंद्रजीत सिंह, मिकी एवं एक्सिस बैंक चास के पदाधिकारी ने बढ़ चढ़कर योगदान दिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *