Advertisement

कसमार के मधुकरपुर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार के समाजसेवी संजय कुमार महतो के सहयोग एवं ट्रू हेल्थ एजुकेशन फाउंडेशन के बैनर तले मधुकरपुर गांव के नीचे टोला स्थित सार्वजनिक दुर्गा मंदिर के समीप विवाह मंडप में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।

जानकारी के अनुसार 16 मार्च को कसमार प्रखंड के मधुकरपुर में आयोजित शिविर में शुगर, बीपी, आंख सहित विभिन्न प्रकार की बीमारियों की निःशुल्क जांच की गई तथा जरूरतमंद मरीजों को दवाइयां भी उपलब्ध कराई गई। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई और स्वास्थ्य लाभ लिया।

मौके पर ट्रू हेल्थ एजुकेशन फाउंडेशन के निदेशक सहदेव कुमार प्रजापति ने जानकारी देते हुए बताया कि फाउंडेशन के माध्यम से मरीजों के गंभीर बीमारियों यथा हृदय, कैंसर, फेफड़ा, लिवर आदि का भी निःशुल्क इलाज कराया जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे मरीज फाउंडेशन से संपर्क कर सकते हैं, ताकि उन्हें उचित इलाज की सुविधा मिल सके।

समाजसेवी संजय कुमार महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी कई रहिवासी आर्थिक तंगी और जानकारी के अभाव में समय पर इलाज नहीं करा पाते हैं, जिसके कारण छोटी बीमारी भी आगे चलकर गंभीर रूप ले लेती है। ऐसे में जरूरत है कि गांव-गांव में इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएं, ताकि रहिवासियों को उनके घर के नजदीक ही स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि उनका हमेशा प्रयास रहता है कि समाज के गरीब, असहाय और जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाएं पहुंचाई जाएं।

महतो ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए समाज का जागरूक होना बेहद जरूरी है। समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराना, डॉक्टर की सलाह लेना और संतुलित जीवन शैली अपनाना सभी के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आगे भी क्षेत्र में इसी तरह के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक रहिवश्कयों को इसका लाभ मिल सके और कोई भी इलाज के अभाव में परेशान न हो। उन्होंने शिविर के सफल आयोजन के लिए ट्रू हेल्थ एजुकेशन फाउंडेशन की पूरी टीम, चिकित्सकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *