नये साल में बाबा तुमसे वादा एक निभायेगे, कही चाहे ना जाए हर ग्यारस खाटू आएंगे
प्रहरी संवाददाता/धनबाद (झारखंड)। फूलों से सजा श्याम प्रभु का भव्य दरबार, भक्ति में डूबे श्याम भक्त, मधुर भजनों की स्वर लहरी और गुणगान करते श्रद्धालुजन। यह नजारा 31 दिसंबर को झारखंड के कोयला नगरी धनबाद के धोवाटांड़ स्थित श्रीअंबे विला अपार्टमेंट में देखा गया, जब श्रीश्याम भक्त मडल के चतुर्थ वार्षिक महोत्सव के अवसर पर श्याम भक्त इकट्ठा हुए।
महोत्सव की शुरुआत बाबा की ज्योत जगा कर की गई। ज्योत की पूजा अर्चना पुजारी मुन्ना पांडेय द्वारा विधिवत कराई गयी। कारीगरों ने श्याम प्रभु का दरबार भव्य व अलौकिक ढंग से सजाया था। भक्तजनों द्वारा श्याम बाबा का मनमोहक शृंगार किया गया था। इस अवसर पर फूलों की बारिश की गयी। उन्हें छप्पन भोग चढ़ाया गया। श्याम धनी की जय, श्याम दरबार की जय के उद्घोष किए गये।
कार्यक्रम में धनबाद के श्याम भक्त बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पूरी तरह श्याममय हो उठा। मधुर भजनों की प्रस्तुति पर भक्त जमकर झूमे-नाचे। दरबार साँवरिया ऐसो सज्यो प्यारो दयालु आपको, सेवा में साँवरिया सगला खड़ा डीके हुकुम बस आपको, रोती आंखों को मेरे श्याम हंसाते हैं, जब कोई नहीं आता मेरे श्याम आते हैं, जबसे कन्हैया ने मुझे अपनाया है, मेरे संग संग रहता मेरे सांवरे का साया है, नये साल में बाबा तुमसे वादा एक निभाएंगे, और कही चाहे ना जाए हर ग्यारस खाटू आएंगे आदि कर्णप्रिय भजनों पर भक्तों ने भी सुर मिलाये।
कार्यक्रम में कोलकाता के विकास झा व मध्यप्रदेश बालाघाट से आईं प्रसिद्ध भजन गायिका सोनाली नागेश्वर व् म्यूजिकल ग्रुप ने मधुर भजनों की प्रस्तुति दी। देर शाम तक कलाकारों के मधुर भजनों की प्रस्तुति पर भक्त झूमे-नाचे। कार्यक्रम में आने वाले तमाम भक्तों के लिए समिति की ओर से पेयजल, अस्थायी शौचालय, जूता चप्पल स्टॉल के साथ-साथ प्रसाद की भी विशेष व्यवस्था की गयी थी।
कार्यक्रम में मनमीत सिंह, गौरव गर्ग, विशाल मित्तल, प्रभात सुरोलिया, जितेंद्र अग्रवाल, राजेश केजरीवाल, राकेश केजरीवाल, विकास अग्रवाल, अशोक मित्तल, श्याम शाह, अभिषेक कुमार, सोनू अग्रवाल, अनीश कुमार, गोपाल अग्रवाल, संजय सिंह, जयप्रकाश गोयल, आजाद कृष्ण अग्रवाल, विनोद अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, सिद्धार्थ अग्रवाल आदि का सराहनीय योगदान रहा।
![]()













Leave a Reply