घटना के बाद ग्रामीणों ने किया दांतु-खेतको-चलकरी पथ जाम
प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार थाना क्षेत्र के दांतू-खेतको-चलकरी पथ के सोनपुरा करमाली टोला के मदन करमाली घर के सामने बीते 26 दिसंबर की संध्या ट्रेक्टर की चपेट में आने से एक मासूम की मौत हो गई।
बताया जाता है कि खेतको की ओर से आ रही अवैध बालू लदे एक ट्रेक्टर तथा कसमार की ओर से बालू बेचकर लौटने के क्रम में दोनों ट्रेक्टर का सीधी भीड़ंत हो जाने से खाली ट्रेक्टर मदन करमाली के बरामदे की ओर मुड़ गया, जिससे बरामदे में बैठे दोनों बच्चों को चपेट ले लिया। इस घटना में चार वर्षीय श्रीयांश करमाली गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं ढ़ाई वर्षीय बच्ची रिद्धिमा कुमारी को भी हल्की चोटें आई।
ग्रामीणों के सहयोग से दोनों घायल बच्चों को बीजीएच ले जाया गया, जहां ईलाज के दौरान श्रीयांश की देर शाम मौत हो गई। वहीं रिद्धिमा को प्राथमिक ईलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने दोनों ट्रेक्टरों को रोक कर दोनों चालकों को भी पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। उसके बाद मुआवजे की मांग को लेकर दांतू -खेतको-चलकरी पथ को जाम कर दिया।
घटनास्थल पर 27 दिसंबर की सुबह से ही कसमार सीओ प्रवीण कुमार, कसमार थाना के अलावा पेटरवार व जरीडीह थाना प्रभारी भी दल बल के साथ डटे रहे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। घटना में मृत श्रीयांश करमाली युधिष्ठिर करमाली का पुत्र बताया जा रहा है। उग्र ग्रामीणों के साथ पुलिस की खूब कहा सूनी हुई।
ग्रामीणों का कहना था कि पुलिस अवैध बालू ढो रहे वाहनों पर नकेल कसे जो तेज़ रफ़्तार में 24 घंटे धड़ल्ले से अवैध बालू की ढुलाई करते हैं। वहीं जेएलकेएम नेत्री पूजा कुमारी ने पुलिस प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन की मिलीभगत से ही दांतू- खेतको-चलकरी पथ में अवैध बालू व कोयले का करोबार बदस्तूर जारी है।
बताया जाता है कि घटना में शामिल बिना नंबर लगे एक ट्रेक्टर खेतको रहिवासी अख्तर अंसारी तथा दूसरा ट्रेक्टर कामेश्वर यादव की है। अख्तर अंसारी की गाड़ी में बालू लदा था तथा दूसरा कामेश्वर यादव की गाड़ी कसमार की ओर से बालू बेचकर खेतको लौट रहा था।
मौके पर जिप सदस्य अमरदीप महाराज, जेएलकेएम नेत्री पूजा महतो, सोनपूरा मुखिया चन्द्रशेखर हेम्ब्रम, दांतू मुखिया चन्द्रशेखर नायक, जेएलकेएम नेता भुनेश्वर महतो, प्रशांत कुमार महतो, अरविंद सिंह, उपेंद्र करमाली, कसमार थाना प्रभारी भजनलाल महतो, जरीडीह थाना प्रभारी विक्रम कुमार सिंह , पेटरवार थाना प्रभारी राजू कुमार मुंडा, जिला पुलिस बल, चौंकीदार समेत दर्जनों ग्रामीण रहिवासी मौजूद थे।
![]()













Leave a Reply