Advertisement

खामरबेदी में स्वास्थ्य उप केंद्र का किया गया शिलान्यास

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। झारखंड सरकार के 15वें वित्त आयोग मद (स्वास्थ्य विभाग) के तहत बोकारो जिला के हद में चंदनकियारी प्रखंड के खामरबेंदी उप स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण कार्य का 2 दिसंबर को विधिवत शिलान्यास किया गया। शिलान्यास चंदनकियारी विधायक उमा कांत रजक तथा जिला परिषद अध्यक्ष सुनीत देवी द्वारा किया गया।

ज्ञात हो कि विधायक के इस महत्वपूर्ण पहल से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है। शिलान्यास के अवसर पर विधायक उमा कांत रजक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का सुदृढ़ीकरण उनकी प्राथमिकता है। खामरबेंदी उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण स्थानीय रहिवासियों के लिए एक बड़ी सौगात साबित होगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि हर व्यक्ति को निकटतम स्थान पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा मिले।

जिला परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी ने कहा कि उक्त स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण से न केवल महिलाओं और बच्चों को लाभ मिलेगा, बल्कि आपात स्थिति में भी ग्रामीणों को दूर नहीं जाना पड़ेगा। कहा कि बोकारो जिला परिषद ग्रामीण स्वास्थ्य संरचना को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
शिलान्यास कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रखंड अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण रहिवासी उपस्थित थे।

श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे मंत्री योगेंद्र प्रसाद

एक अन्य जानकारी के अनुसार झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद 2 दिसंबर को बोकारो जिला के हद में कसमार पंचायत के ग्राम चट्टी पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय रहिवासी डॉ मधु सेन की धर्मपत्नी के श्राद्ध कार्यक्रम में शिरकत की। मंत्री ने दिवंगत आत्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक-संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। मौके पर स्थानीय जन प्रतिनिधि, बुजुर्ग, समाजसेवी एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *