Advertisement

हाजीपुर एवं मुजफ्फरपुर स्टेशन पर चला किलाबंदी टिकट जांच अभियान

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के सारण जिला के हद में सोनपुर रेल मंडल द्वारा हाजीपुर एवं मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशनों पर 26 अगस्त को किलाबंदी कर वृहद टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस जांच अभियान में टिकट जांच कर्मियों ने हाजीपुर एवं मुजफ्फरपुर स्टेशनो से गुजरने वाली सभी ट्रेनों के एसी कोचों में गहनता से टिकट जांच की गई।

जानकारी के अनुसार इस किलाबंदी टिकट जांच अभियान में हाजीपुर स्टेशन पर 225 रेल यात्री पकड़े गए, जबकि 149 यात्रियों को मुजफ्फरपुर स्टेशन पर पकड़ा गया। ज्ञात हो कि ट्रेनों में बिना टिकट/ बिना उचित प्राधिकार के रेल यात्रा करने वाले यात्रियों पर लगाम लगाने को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

इसी कड़ी में बिना टिकट अथवा बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले यात्रियों की कड़ी जांच की जा रही है, ताकि उचित टिकट के साथ यात्रा करने वाले यात्री आरामदायक यात्रा कर सकें। अधिकृत यात्रियों को किसी प्रकार की कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़े। साथ ही काउंटर टिकट सेल और रेल के राजस्व में वृद्धि हो।

इस संबंध में सोनपुर रेल मंडल के सूचना एवं जन सम्पर्क अधिकारी (पीआरओ) रंजीत कुमार ने 26 अगस्त को उपरोक्त जानकारी देते हुए बताया कि बिना टिकट/बिना उचित प्राधिकार के यात्रा से एक ओर जहां टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है, वहीं दूसरी ओर रेल राजस्व की भी हानि होती है। इसी क्रम में इस प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने तथा बिना टिकट यात्रियों को पकड़ने लिए हाजीपुर एवं मुजफ्फरपुर स्टेशन पर किलाबंदी कर बृहद टिकट जांच अभियान चलाया गया।

इस अभियान में टिकट जांच कर्मचारियों द्वारा हाजीपुर एवं मुजफ्फरपुर स्टेशन से गुजरने वाली सभी ट्रेनों की जांच की गई। जिसमें हाजीपुर स्टेशन पर 225 अनधिकृत यात्रियों को पकड़ा गया। जिनसे जुर्माने के रूप में 92 हजार 792 रुपए वसूल किये गए। वहीं मुजफ्फरपुर स्टेशन पर 149 अनधिकृत यात्रियों को पकड़कर जुर्माने के रूप में 61 हजार 450 रुपए वसूल किये गए।

पीआरओ ने बताया कि इस जांच अभियान में हाजीपुर एवं मुजफ्फरपुर स्टेशन से गुजरने वाली सभी ट्रेनों के एसी कोचों में गहनता से टिकट जांच की गई। जांच के दौरान अनधिकृत एवं बिना टिकट यात्रा कर रहे यात्रियों को स्टेशन पर उतार कर नियमानुसार दंड आरोपित किया गया। इसके अलावे रेल मंडल के सोनपुर, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया तथा नवगछिया स्टेशनों पर भी सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया।

इस अभियान में मंडल के वाणिज्य अधिकारी, टिकट चेकिंग स्टाफ एवं आरपीएफ स्टाफ ने योगदान दिया। उन्होंने बताया कि सोनपुर रेल मंडल द्वारा आगे भी इसी मुस्तैदी व प्रभावी तरीके से टिकट जांच अभियान जारी रहेगी, ताकि बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्री हतोत्साहित हो सके। जिससे बिना टिकट यात्रा पर अंकुश लग सके।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *