पूर्व सांसद रविंद्र कुमार पांडेय व् समाजसेवी गिरीश कोठारी ने की सुख, शांति की कामना
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बीते 9 मार्च से बोकारो जिला के हद में बेरमो प्रखंड के जारंगडीह दुर्गा मंदिर परिसर में नौ दिवसीय श्रीरामचरित मानस नवाह पारायण महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। महायज्ञ में प्रतिदिन श्रद्धालू गण पहुंचकर कथा श्रवण का लाभ उठा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार बीते 9 मार्च से आगामी 17 मार्च तक आयोजित महायज्ञ के सातवें दिन 15 मार्च की देर संध्या गिरिडीह के पुर्व सांसद व् श्रमिक नेता रविंद्र कुमार पांडेय तथा प्रसिद्ध व्यवसायी सह समाजसेवी गिरीश भाई कोठारी यज्ञ स्थल पहुंचे। यहां उन्होंने यज्ञ देवता को नमन कर क्षेत्र में शांति व् समृद्धि की कामना की। यज्ञ कमिटी ने उपरोक्त को चुनरी भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर पुर्व सांसद रविंद्र कुमार पांडेय ने कहा कि बीते 67 वर्षो से यहां प्रतिवर्ष यज्ञ का आयोजन हो रहा है। यह बहुत बड़ी बात है। इसके लिए यज्ञ कमिटी साधुवाद के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धा,भक्ति और उल्लास के साथ यज्ञ आयोजन का उद्देश्य श्रद्धालुओं में श्रद्धा व् भक्ति जागृत करना हैं। उन्होंने कहा कि बीते 5 सौ वर्षो के लगातार प्रयास के बाद उत्तर प्रदेश के अयोध्या नगरी में सभी देशवासियों के सहयोग से राम मंदिर का निर्माण किया गया। जिसमें देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अहम योगदान रहा है। इसके लिए पुरा देश प्रधानमंत्री मोदी के आभारी है। कहा कि आज के युवा पीढ़ी को भी जारंगडीह में अनवरत 67 वर्षो से प्रतिवर्ष किए जा रहे यज्ञ से सीख लेने की जरूरत है।

प्रसिद्ध व्यवसायी सह समाजसेवी गिरीश भाई कोठारी ने कहा कि युवा पीढ़ी को भटकाव से बचाने के लिए सबसे उत्तम उपाय यज्ञ का आयोजन है। यज्ञ हमारी सभ्यता और संस्कृति के साथ साथ गौरवमयी इतिहास व् संस्कार का दर्शन कराता है। यज्ञ के आयोजन के लिए उन्होंने यज्ञ कमिटी को साधुवाद दी।
इस अवसर पर क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण में भाग लेकर भगवान श्रीराम दरबार में मत्था टेका और आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति गीतों, मंत्रोच्चार और राम नाम के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। महायज्ञ के आयोजन से क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना हुआ है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना व रामचरित मानस के पाठ का श्रवण करने पहुंच रहे हैं।श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ कार्यक्रम में भाग लेते हुए यज्ञ में आहुति दी तथा क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। मौके पर यज्ञ समिति सचिव बसंत ओझा, जोगेंद्र सोनार ने बताया कि रात्रि में वृंदावन-मथुरा से आईं महिला प्रवक्ता पूज्य महंत डॉ प्रज्ञा भारती, अयोध्या धाम से अशोक दासजी महाराज तथा आचार्य शुभम कुमार उपाध्याय द्वारा श्रीराम कथा तथा प्रवचन किया जा रहा है। मौके पर टिंकू पंडित, वासुदेव मंडल, अनिल शर्मा सहित दर्जनों गणमान्य उपस्थित थे।
ज्ञात हो कि इससे पुर्व बीते 14 मार्च को बेरमो के प्रखंड विकास पदाधिकारी मुकेश कुमार भी महायज्ञ स्थल पर पहुंचे और भगवान श्रीराम के दरबार में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। उनके साथ बेरमो प्रखंड कार्यालय के कंप्यूटर ऑपरेटर प्रकाश कुमार के अलावा जारंगडीह उत्तरी एवं दक्षिणी पंचायत के पूर्व मुखिया, भाजपा नेता गौतम राम, वार्ड सदस्य विकास कुमार सिंह सहित कई गणमान्य और स्थानीय श्रद्धालु महायज्ञ में शामिल हुए।
सभी ने भगवान श्रीराम के दरबार में हाजिरी लगाकर आशीर्वाद लिया। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि महायज्ञ के शेष दिनों में भी विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, रामचरित मानस पाठ और भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन से पूरे क्षेत्र में आस्था और आध्यात्मिकता का माहौल बन गया है।
![]()













Leave a Reply