प्रहरी संवाददाता/गोमियां (बोकारो)। हजारीबाग के पूर्व विधायक रानी डे का बीते 7 दिसंबर को निधन हो गया। परिजनों द्वारा 8 दिसंबर को उनका अंतिम संस्कार किया गया। पूर्व विधायक रानी डे के निधन पर गोमियां विधायक ने परिजनों को ढांढस बंधाया।
हजारीबाग से जनता पार्टी की विधायक रहीं समाजवादी नेता रानी डे का 85 वर्ष की आयु में बीते 7 दिसंबर की शाम चार बजे रांची में निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार 7 दिसंबर को उनके पैतृक गांव बोकारो जिला के हद में गोमियां प्रखंड के साड़म में किया गया। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गयी।
पूर्व विधायक के निधन की खबर सुनकर गोमियां विधायक डॉ लम्बोदर महतो, हजारीबाग के विधायक मनीष जयसवाल साड़म पहुंचकर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। साथ ही परिजनों को ढांढस बंधाया।
इस अवसर पर विधायक डॉ महतो ने पूर्व विधायक रानी डे के निधन पर उन्हें राजकीय सम्मान दिलाने की बात कही। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय, मुख्य सचिव कार्यालय सहित जिला मुख्यालय में भी बात की। उन्हें सभी जगहों से आश्वासन भी मिला, बावजूद इसके पूर्व विधायक को राजकीय सम्मान नही मिल सका।
इसे लेकर विधायक ने कहा है कि पूर्व विधायक को राजकीय सम्मान नही मिलना काफी निंदनीय बात है। राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन के इस बात से सभी पूर्व विधायक सहित पूरे बंगाली समाज स्वयं को अपमानित महसूस कर रहा है।
बताते चलें कि, संयुक्त बिहार की फायर ब्रांड समाजवादी नेता रहीं और पूर्व विधायक रानी डे पिछले कई महीनों से बीमार चल रही थी। वे 1977 के आम चुनाव में जनता पार्टी से विधायक निर्वाचित हुई थी। अपने राजनीतिक सफर में वे डॉ राममनोहर लोहिया, जयप्रकाश नारायण, कर्पूरी ठाकुर, चौधरी चरण सिंह, राज नारायण, मधु लिमये, जॉर्ज फर्नांडीज, रामविलास पासवान सहित अन्य प्रमुख सोशलिस्ट नेताओं से काफी करीब से जुड़ी रही हैं।
जेपी आंदोलन में वह जेल भी गईं थीं। जबकि उनके पति हजारीबाग के वरिष्ठ अधिवक्ता बैकुंठ नाथ डे का संपर्क डॉ राम मनोहर लोहिया से काफी करीब से रहा। बताया जाता है कि डॉ लोहिया को जब हजारीबाग जेल में रखा गया था तब बैकुंठ नाथ डे ने उनकी काफी मदद की थी।
पूर्व विधायक के निधन पर गिरिडीह सांसद, राज्य के पूर्व मंत्री माधव लाल सिंह, जिप सदस्य आकाश लाल सिंह, पंसस विष्णु सिंह, उप मुखिया पंकज जैन, चांदनी देवी, संतोष हलधर, अटल हलधर आदि ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
143 total views, 2 views today