Advertisement

प्रोजेक्ट बालिका विद्यालय पेटरवार के पीटीएम में पूर्व विधायक शामिल

शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी जरूरी-बबिता देवी

प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार प्रखंड स्थित प्रोजेक्ट बालिका विद्यालय में 19 जनवरी को अभिभावक-शिक्षक विशेष बैठक (पीटीएम) का आयोजन किया गया। आयोजित पीटीएम में गोमिया के पूर्व विधायक बबीता देवी शामिल हुईं।

इस अवसर पर पुर्व विधायक ने छात्राओं, अभिभावकों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए शिक्षा की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान, अनुशासन, संस्कार और समाज के प्रति जिम्मेदारी की शिक्षा देना समय की मांग है। उन्होंने कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास तभी संभव है जब विद्यालय और अभिभावक मिलकर उनकी शिक्षा और संस्कार पर समान रूप से ध्यान दें।

पुर्व विधायक ने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों को हर सुविधा उपलब्ध कराने और शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। बालिकाओं की शिक्षा को सशक्त बनाने के लिए सरकार द्वारा कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं को भी आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।

बैठक के दौरान शिक्षकों ने छात्राओं की शैक्षणिक प्रगति, उपस्थिति एवं अनुशासन की जानकारी अभिभावकों के साथ साझा की। वहीं अभिभावकों ने भी अपने विचार रखे और विद्यालय के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम का समापन छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के संकल्प के साथ किया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *