Advertisement

मुरहूल सुदी के चौड़ा में आयोजित छऊ नृत्य का पूर्व विधायक ने किया उद्घाटन

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के मुरहूल सुदी पंचायत अंतर्गत ग्राम चौड़ा में होली पर्व के पावन अवसर पर 3 मार्च को भव्य छऊ नृत्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन गोमियां के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर पुर्व विधायक डॉ महतो ने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजन की सराहना की। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पुर्व विधायक ने कहा कि छऊ नृत्य हमारी समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं की अमूल्य धरोहर है। यह केवल एक नृत्य नहीं, बल्कि हमारी ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों में इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज में भाईचारा, सौहार्द और एकता को मजबूत करते हैं। होली जैसे पावन पर्व पर आयोजित यह रंगोत्सव सामाजिक समरसता का सुंदर उदाहरण है।

डॉ महतो ने छऊ नृत्य में शामिल सभी कलाकारों, आयोजकों और ग्रामवासियों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दी तथा कहा कि होली का यह पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए। उन्होंने आश्वस्त किया कि क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे।

कार्यक्रम में पारंपरिक वेशभूषा और आकर्षक मुखौटों के साथ कलाकारों ने छऊ नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण रहिवासी उपस्थित थे। पूरा वातावरण होली के रंगों और सांस्कृतिक उमंग से सराबोर रहा। कार्यक्रम का समापन सामूहिक आभार प्रदर्शन और रंग-गुलाल के साथ किया गया, जहां उपस्थित गणमान्य जनों ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *