एस. पी. सक्सेना/बोकारो। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त की संध्या बोकारो जिला के हद में बोड़िया दक्षिणी पंचायत के बाजारटांड़ कथारा में कायाकल्प प्ले स्कूल का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन सीसीएल व् बीसीसीएल के सेवानिवृत अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) गोपाल सिंह ने किया।
सेवा जागरूकता मंच द्वारा कथारा के स्लम क्षेत्र बाजारटांड़ में खोले गये कायाकल्प प्ले स्कूल के उद्घाटन के अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए पुर्व सीएमडी गोपाल सिंह ने कहा कि आज के तेजी से हो रहे प्रगति को देखते हुए गरीब के बच्चो को भी ऐसे शिक्षा की जरूरत है जिससे वे भी अन्य बच्चों की तरह आगे चलकर उच्च शिक्षा प्राप्त कर सके और उच्च पदों पर पहुंचकर देश की प्रगति में सहायक बन सके।
उन्होंने कहा कि देश को सर्वप्रथम जाति धर्म के नाम पर अंग्रेजो ने अपनी सत्ता जमाने और हमें आपस में लड़ाने के लिए किया था। स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद से आजतक उसी तर्ज पर देश की जनता को जाति धर्म के नाम पर केवल वोट पाने के लिए बांटा गया है, जबकि हम सभी देशवासी है। देश की सीमा पर हम सबों की रक्षा करनेवाले हमारे भाई बंधु है। उनमें जब आपस में कोई भेदभाव नहीं है तो हम क्यों भेदभाव करें।

पुर्व सीएमडी सिंह ने कहा कि वे जब सीएमडी थे तो अपने कार्यकाल में कोयला उत्पादन के लिए दबाब के बावजूद शुरुआती दिनों में हीं सीसीएल के लाल व् लाडली योजना की शुरुआत की थी। इसका परिणाम यह रहा कि जो अपने बच्चो को इंजीनियर डॉक्टर बनाने की सोंच तक नहीं रख पाते थे, उनके बच्चे उक्त योजना के माध्यम से इंजीनियर व् डॉक्टर बन गये। जिसमें कथारा क्षेत्र के भी कई बच्चे शामिल है। कहा कि आज भी सीसीएल में लाल, लाडली योजना चल रहा है।
उन्होंने कहा कि गरीब के बच्चों को भी शिक्षा पाने का अधिकार है। क्षेत्र में कई प्ले स्कूल होंगे, लेकिन दूसरे प्ले स्कूल और इस प्ले स्कूल में अंतर होगा। यहां भी बच्चे मुफ्त में शिक्षा नहीं ग्रहण करेंगे, लेकिन यहां के बच्चों की फीस उनके माता-पिता के स्थान पर उनके चाचा-दादा आदि देंगे, जिससे उन बच्चों तथा उनके माता पिता में विश्व बंधुत्व की भावना जागृत होगा। कहा कि यहां बच्चों को तीन भाषा पढ़ाई जायेगी। मातृ भाषा, राष्ट्र भाषा तथा अंतर्राष्ट्रीय भाषा। कहा कि पांडवो की संख्या कम होती है, लेकिन वे संसार को दिशा देने का काम करते है।
इसी प्रकार हमें भी पांडवो की तरह बनना है, कौरवों की तरह नहीं जो लालच भाव से अपना हीं सत्यानाश कर बैठे। संविधान निर्माता डॉ अंबेडकर ने कहा है कि शिक्षा शेरनी का वह दुध है जो पीने के बाद दहाड़ेगा। उन्होंने सीसीएल कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक संजय कुमार द्वारा इस प्रकार के समाज के उत्थान के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
कायाकल्प प्ले स्कूल के उद्घाटन के अवसर पर पुर्व सीएमडी सिंह के अलावा मौके पर कोल इंडिया एससी/एसटी/ओबीसी मोर्चा के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष बृजकिशोर पासवान, सीसीएल कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक संजय कुमार, जारंगडीह के परियोजना पदाधिकारी प्रबीर कुमार दासगुप्ता, कथारा वाशरी पीओ अमरेंद्र कुमार, भाजपा नेता विनय सिंह, बी एन पांडेय, शंभु ठाकुर, बोड़िया दक्षिणी पंचायत की मुखिया तरुलता देवी, पुर्व मुखिया घनश्याम प्रसाद, समाजसेवी राधेश्याम तिवारी, शंभु यादव, खीरू यादव, दिलीप सिंह, महिला नेत्री कांति सिंह, बलदेव यादव, मुकेश कुमार साव, दिलीप कुमार, ओमप्रकाश राम, जगदीश महतो घोष, इस्लाम कुरैशी, शंभु रविदास, पर्यावरण सखी सुशीला देवी, सीता देवी, के ललिता राव, शीला देवी, अनु देवी, कौशल्या देवी सहित सैकड़ो रहिवासी उपस्थित थे। सभा का समापन विनय सिंह के धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।
![]()













Leave a Reply