भ्रष्टाचार के विरोध में पूर्व प्रखंड प्रमुख का प्रखंड कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना

एन. के. सिंह/फुसरो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में चंद्रपुरा की पूर्व प्रखंड प्रमुख, पंचायत समिति सदस्य सह भाजपा नेत्री अनीता गुप्ता ने भाजपा चंद्रपुरा मंडल के बैनर तले 27 सितंबर से प्रखंड कार्यालय में फैले भ्रष्टाचार एवं मनमानी के विरोध में प्रखंड कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू की।

आंदोलन को समर्थन देने के लिए मुख्य रूप से बेरमो के पूर्व विधायक योगेश्वर महतो बाटुल, सीसीएल सीकेएस नेता रवींद्र कुमार मिश्रा, ज़िप क्रमांक 12 (दुग्दा) के सदस्य संतोष कुमार पांडेय, डुमरी की जिप सदस्य सुनीता कुमारी, आजसू पार्टी की नेत्री व् डुमरी प्रखंड के पूर्व प्रमुख यशोदा देवी, सुरेंद्र कुमार, प्रकाश कुमार गोस्वामी आदि शामिल हुए।

धरना कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बेरमो के पूर्व विधायक बाटुल ने कहा कि आज इंडिया गठबंधन के हेमंत सोरेन सरकार में भ्रष्टाचार शिष्टाचार बन गया है। प्रखंड से लेकर उच्च अधिकारी, मंत्री से लेकर संतरी तक भ्रष्टाचार में डूबे हैं। बिना रिश्वत के कोई काम नहीं होता, क्योंकि बीडीओ से लेकर उच्च अधिकारी तक चढ़ावा देकर ही पोस्टिंग पाते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नीत एनडीए की सरकार में किसी अधिकारी में हिम्मत नहीं था कि खुलेआम रिश्वत मांगे।

कोयला, लोहा सहित खनिज पदार्थ की चोरी बंद थी। आज खुलेआम कोयला, लोहा, बालू की लूट हो रही है। अबुआ के लिए, पीएम आवास को बालू नहीं मिल रहा है। अब अबुआ आवास भी नहीं बन रहा है। बेरोजगारों को हर साल 5 लाख नौकरी देने का वादा पूरा नहीं कर सकी तो हेमंत सरकार द्वारा अब मैया सम्मान योजना के तहत मात्र एक हजार देकर महिलाओं को ठगा जा रहा है।

बाटुल ने कहा कि पूर्व प्रमुख अनीता देवी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ धरना प्रदर्शन शुरू किया है। इसका मैं ही नहीं भाजपा के एक-एक कार्यकर्ताओं का समर्थन है। यहां के बीडीओ सम्मानजनक तरीके से वार्ता कर मांगे पूरी करें, अन्यथा आंदोलन उग्र होता जाएगा।

उन्होंने कहा कि विधायक चुनाव नजदीक आता देख हमारा लाया हुआ योजना नल जल योजना शिलान्यास कर चालू कराए हैं, लेकिन विधानसभा चुनाव के बाद उद्घाटन हम ही करेंगे। क्योंकि इंडिया गठबंधन की सरकार जाने वाली है। उन्होंने कहा की पूर्व मंत्री राजेंद्र बाबू द्वारा बनवाए गए एक भी अस्पताल चालू नहीं हो सका है।

आज जो भी काम हो रहा है सिर्फ लूट और ठेकेदारी के लिए हो रहा है। उन्होंने प्रखंड के अधिकारियों को चेताया कि वे चेत जाए, वरना भाजपा की सरकार आते ही उन्हें सबक सिखाया जाएगा। भाजपा नेत्री सह पूर्व प्रखंड प्रमुख अनीता गुप्ता ने कहा कि मैं प्रमुख रह चुकी हूं, मुझे मालूम है भ्रष्टाचार की जड़ कहां है। हमारा आंदोलन शुरू हुआ है, अगर जनता से जुड़ी हमारी मांगे पूरी नहीं हुई तो आमरण अनशन पर उतरूंगी।

उन्होंने कहा कि 12 साल से प्रखंड कार्यालय का नाजीर एक ही पद पर जमा है जो भ्रष्टाचार का जड़ हैं। डुमरी की पूर्व प्रमुख यशोदा देवी ने कहा कि अनीता गुप्ता आंदोलन करें हम सभी साथ हैं। सीसीएल सीकेएस नेता रवींद्र मिश्रा ने कहा कि सभी मांगे पूरी होनी ही है, भले ही देर होगी। हम सभी साथ हैं। जिप सदस्य संतोष कुमार पांडेय ने कहा कि हम सभी जनता की मांगो और अनीता देवी के आंदोलन में साथ है। डुमरी की जिप सदस्य सुनीता कुमारी ने कहा कि मांगे पूरी नहीं होगी तो आंदोलन तेज होगा।

धरना कार्यक्रम का संचालन रावणेश्वर उपाध्याय ने किया। धरना में भाजपा नेता जानकी कोड़ा, अनिल गुप्ता, सूरज मल नायक, प्रमोद कुमार गुप्ता, रमन कुमार अवध केवट कमांडो, गणेश तिवारी, संजीव झा, टिंकू कांदू, राहुल अग्रवाल सहित सौ से अधिक रहिवासी मौजूद थे।

 24 total views,  24 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *