गोवंडी पुलिस को मिला जनता का साथ, शराबियों पर गिरेगी गाज
प्रहरी संवाददाता/मुंबई। शराबियों पर नकैल कसने के लिए संत गाडगे महाराज के अनुयायियों और गोवंडी पुलिस स्टेशन के सहयोग से नशाखोरी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान की पहली कड़ी चेंबूर के एन जी आचार्य मार्ग पर स्थित देशी दारू बार के आस पास देखने को मिला।
आसमान छूती महंगाई और दारू – शराब की कीमतों में आई भारी उछाल के कारण नशाखोरी करने वाले बीयर बारों में जाने के बजाए रोड के किनारे खड़ी ऑटो रिक्शा या भंगार वाहनों का सहारा ले रहे हैं। बता दें कि दारू शराब का सेवन करने वाले नशे की हालत में अपना आपा खो देते हैं। जिसका खामियाजा मासूम स्कूली छात्र और उनके अभिभावकों को भुगतना पड़ता है, इतना ही नहीं घरेलु एवं कामकाजी महिला और युवतियों को भी नशेड़ियों का सामना करना पड़ता है। नशेड़ियों के रवैये को देखते हुए इस अभियान को तेज किया जा रहा है।
हालांकि समाज के लिए नासूर बन चुके शराबियों और नशाखोरों के खिलाफ मुंबई पुलिस का नशा मुक्त अभियान चल रहा है, इस अभियान में अब एक और अध्याय जुड़ गया है। संत गाडगे महाराज के अनुयायियों ने इस अभियान को आंदोलन का रूप देने का फैसला किया है। इसके तहत गोवंडी पुलिस स्टेशन का भरपूर सहयोग भी मिल रहा है। ताजा मामला रविवार का है।
संत गाडगे महाराज के आन्दोलनकारियों ने पुलिस के सहयोग से एन जी आचार्य मार्ग पर स्थित सारिका वाइन शॉप, कुमार बीयर शॉप और माता देसी बार के आसपास की बारों का मुआइना किया। इस अभियान में पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हैं। समाजसेवक राजेंद्र नगराले के नेत्रित्व में नंदा पाटीदार, मीनाक्षी देशमुख, चंद्रकांत डोल्से, प्रमोद कांबले और स्थानीय पुलिस स्टेशन के पोपट काले अधिकारी उपस्थित थे।
इस अभियान में पाया गया कि शराब पीने वालों की बड़ी संख्या है। जो कि महंगाई के कारण सड़क पर रिक्शा में शराब पीते हैं और नशे में धुत होने के बाद आपस में झगड़े (मारपीट) भी करते हैं। इसका परिणाम स्कूल जाने वाले मासूम छात्रों और उनके अभिभावकों सहित घरेलू एवं काम काजी महिला और युवतियों पर भी पड़ता है।
इसे देखते हुए राजेंद्र नगराले ने स्थानीय नागरिक से अपील की है कि सभी एक साथ आए और ऐसे शराबियों को सबक सिखाएं। उन्होंने कहा की हमारी कोशिश यह है की इस लत से जुड़े लोगों को नशाखोरी से दूर करना है। राजेंद्र नगराले की इस पहल का सभी ने समर्थन किया है। अब इसे धरातल पर उतारने का प्रयास शुरू हो चूका है।
Tegs: #Followers-of-sant-gadge-maharaj-blowed-bugle-against-addicts
![]()













Leave a Reply