Advertisement

प्रहरी मेला में खोरठा गीतों की गूंज, लोक कलाकारों ने बांधा समां

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के खैराचातर में सामाजिक एवं सांस्कृतिक जागरूकता के उद्देश्य से आयोजित सात दिवसीय प्रहरी मेला के तीसरे दिन बीते 12 मार्च की रात खोरठा सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर क्षेत्र के कई प्रसिद्ध लोक कलाकारों ने मंच पर अपनी प्रस्तुति देकर दर्शकों को देर रात तक मंत्रमुग्ध बनाए रखा। कार्यक्रम में खोरठा के लोकप्रिय कलाकार नेपाल महतो, शेखर शरदेंदु, हबीब नाज और अशोक महतो ने एक से बढ़कर एक गीतों की प्रस्तुति दी।

इस अवसर पर खोरठा गायक नेपाल महतो ने स्वर्गीय सुरेश जायसवाल को समर्पित अपना स्वरचित गीत गाकर कार्यक्रम में भावनात्मक माहौल बना दिया। वहीं अशोक महतो के गीत तोहर प्रेमे हारल जीवन ओ सांवरो… को दर्शकों ने खूब सराहा। शेखर शरदेंदु का जइबइ जंगलवा खइबइ भेलवा… और हबीब नाज का चले गे धनी तोरा लइ जइबइ कसमार बजरिया… गीत भी श्रोताओं के बीच खासे लोकप्रिय रहे। इसके अलावा शशि और उसके साथियों द्वारा प्रस्तुत नृत्य ने कार्यक्रम में अलग ही रंग भर दिया और दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि कसमार के समाजसेवी सूरज जायसवाल तथा राष्ट्रीय तीरंदाज एवं झारखंड सरकार के राज्य तीरंदाजी प्रशिक्षक करण कुमार कर्मकार द्वारा फीता काटकर की गई। इसके बाद अतिथियों ने स्वर्गीय जायसवाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
अपने संबोधन में करण कुमार कर्मकार ने कहा कि उनके जीवन की दिशा तय करने में प्रहरी मेला का विशेष योगदान रहा है। उन्होंने बताया कि जब वे एक साधारण युवक थे, तब इसी मंच ने उनकी प्रतिभा को पहचान दी और उन्हें तीरंदाजी के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिला।

वहीं सूरज जायसवाल ने मेला के इस वर्ष के थीम यातायात जागरूकता की सराहना करते हुए कहा कि जीवन अत्यंत मूल्यवान है, इसलिए वाहन चलाते समय प्रत्येक चालक व् सवार को यातायात नियमों का पालन अवश्य करना चाहिए।
कार्यक्रम में राजू महतो, पंकज जायसवाल, प्रयाग कुमार, कुमारी उषा, मेला कमेटी के अध्यक्ष घनश्याम महतो, व्यवस्थापक रामसेवक जायसवाल व दीपक सवाल, कोषाध्यक्ष पंकज कुमार जायसवाल सहित विष्णु जायसवाल, सौरभ राय (मोंटी), सिद्धेश्वर प्रजापति, दिलीप शर्मा, यूनुस अंसारी, रोमेल अंसारी, अंकुश जायसवाल, विनीत जायसवाल, विजय ठाकुर, संजय जायसवाल, अमित जायसवाल, अजय कुमार आदि उपस्थित थे। वहीं मानू देव, प्रभाष नायक तथा जितेंद्र कुमार ने वाद्य यंत्रों की संगत कर कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *