सबलपुर के चारों पंचायतों का सोनपुर अनुमंडल मुख्यालय से संबंध टूटा
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार में गंगा एवं गंडक आदि नदियों के जलस्तर में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। सारण जिला के हद में सोनपुर प्रखंड क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक पंचायत पूरी तरह बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। अबतक लाखों की आबादी बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुई है। पशुओं के साथ पशुपालकों ने गांव से पलायन करना शुरू कर दिया है।
बताया जाता है कि, जिला के हद में सोनपुर स्थित हरिहरनाथ थाना एवं आवासीय परिसर में पानी घुस गया है। काली घाट – हरिहरनाथ पथ पूरी तरह डूब चुका है। हरिहरनाथ थाना के सामने से सबलपुर पूर्वी पंचायत के हस्ती टोला, नवरसिया, बभनटोली एवं कचहरी बाजार जानेवाले मुख्य मार्ग पर बाढ़ का पानी आर – पार बह रहा है। योगी बाबा स्थान के समीप पिछले वर्ष की बाढ़ में क्षतिग्रस्त मुख्य सड़क पर गंगा नदी के पानी का बहाव तेज होने के कारण स्थिति खराब हो गई है। पैदल आने – जानेवालों को भी बह जाने का खतरा उत्पन्न हो गया है। कई राहगीर सड़क से ईंटें बह जाने के कारण बाढ़ के पानी में गिरकर घायल हो गये, जिन्हें बचाया गया।
ज्ञात हो कि, हरिहर नाथ-पहलेजा निचली कांवरिया मुख्य पथ पर सोनपुर गांव के निकट आधा किलोमीटर सड़क पर बाढ़ का पानी तेज रफ्तार में बह रहा है। राहर दियारा बिंद टोली से राहर दियारा – नजरमिरा गांव की सड़क पर भी पानी चढ़ गया है। चारों तरफ पानी प्रवेश कर गया है। राहर दियारा देवी स्थान से सबलपुर पछियारी टोला जाने वाले मुख्य मार्ग पर चार किलोमीटर तक बाढ़ का पानी आर -पार बह रहा है। पानी का प्रवाह इतना तेज है कि वाहनों का आवागमन प्रभावित हो रहा है।
सोनपुर विधायक डॉ रामानुज प्रसाद ने 6 अगस्त को भेंट में बताया कि सबलपुर हस्ती टोला, चहारम, ककड़ा चिलाव, नौरसिया, महुआ बाग, राहर दियारा नजरमीरा, बल्ली टोला, शाहपुर दियारा, बबूरवानी, छित्तर चक आदि गांवों में बाढ़ का पानी भर गया है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से कहा है कि बाढ़ प्रभावित गांवो के पशुओं के लिए चारा, शौचालय एवं शुद्ध पेयजल की व्यवस्था अविलंब कराई जाए। कहा कि राहर दियारा – नजरमीरा पंचायत एवं सबलपुर के चारों पंचायत पूरी तरह बाढ़ प्रभावित हो चुके हैं। पहलेजा एवं गंगाजल दियारे में भी बाढ़ का पानी भर गया है।

सबलपुर मध्यवर्ती पंचायत के सरपंच दिलीप सिंह ने बताया कि सबलपुर दियारे के सभी चार पंचायतों में बाढ़ का पानी भर गया है। बभनटोली, कुम्हार टोली, मुस्लिम टोली भी बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित है। करोड़ों रुपए मूल्य की फसलों को नुकसान पहुंचा है।सब्जियों की खेती को भारी क्षति हुई है। सबलपुर उत्तरी पंचायत के बिंद टोली सड़क एवं बिंद टोली पूरी तरह बाढ़ की चपेट में है। यहां के पशुपालक मवेशियों के साथ सोनपुर रेलवे अस्पताल पथ पर डेरा डाल चुके हैं और जिसको जहां स्थान मिल रहा है, मवेशियों के साथ पलायन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मही नदी किनारे साईं मंदिर एवं संकटमोचन मंदिर परिसर में भी बाढ़ का पानी घूस गया है। सबलपुर नया बाजार जलमग्न हो गया है। नया बाजार हनुमान मंदिर के निकट से नेवल टोला एवं बभनटोली जाने वाले मार्गों पर पानी भरने से आवागमन अवरुद्ध हो गया है। सबलपुर बभनटोली से नेवल टोला जानेवाले पथ, बभन टोली से दलित बस्ती – नवरसिया एवं बभनटोली से हस्ती टोला जाने वाले मुख्य ग्रामीण सड़क डूब चुका है।
मही नदी में डूबने से जैतियां गांव का युवक लापता, खोज में जुटी एसडीआरएफ टीम
जानकारी के अनुसार जिला के हद में सोनपुर प्रखंड के जैतियां गांव में 6 अगस्त को मही नदी में एक 18 वर्षीय युवक डूब गया। जहांगीरपुर पंचायत के जैतिया रहिवासी मिथिलेश राय का 18 वर्षीय पुत्र सनी कुमार का बाढ़ के पानी में डूबने की सूचना मिलने पर स्थानीय विधायक डॉ रामानुज प्रसाद ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्वयं एसडीआरएफ की टीम एवं गोताखोर को बुलाकर शव की खोज में लगाया है। खबर लिखे जाने तक खोज जारी है।
![]()













Leave a Reply