रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिले में विधि-व्यवस्था सुदृढ़ रखने एवं यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरविंदर सिंह के नेतृत्व में 22 फरवरी को संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च एवं सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
जानकारी के अनुसार इस अभियान में पुलिस उपाधीक्षक (नगर), पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), थाना प्रभारी सेक्टर बात, बोकारो स्टील सिटी, सेक्टर चार, हरला, सेक्टर सिक्स तथा यातायात थाना प्रभारी सहित पुलिस बल के जवान शामिल रहे। इस अवसर पर बोकारो शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च करते हुए आम नागरिकों को सुरक्षा का संदेश दिया गया तथा वाहन जांच के दौरान विशेष रूप से ड्रंक एंड ड्राइव, गाड़ियों में लगी ब्लैक फिल्म, रॉन्ग पार्किंग तथा मॉडिफाइड साइलेंसर के विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई की गई।

बताया जाता है कि वाहन जांच के क्रम में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालान काटे गए और कई वाहनों को जब्त भी किया गया। इस अवसर पर बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है। कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा। आम नागरिकों से अपील है कि वे नियमों का पालन करें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि शहर में शांति, सुरक्षा और सुव्यवस्थित यातायात सुनिश्चित किया जा सके।
![]()













Leave a Reply