Advertisement

बड़ा जामकुंडिया से जल मीनार परियोजना शुरु जीओएम से पांच गांवों को मिलेगा पेयजल

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में गुवा अयस्क खदान क्षेत्र के ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल मुहैया कराने के उद्देश्य से जल मीनार स्थापना का कार्य तेज़ी से आरंभ हो गया है।

गुवा ओर माइंस (जीओएम) के मुख्य महाप्रबंधक कमल भास्कर के निर्देशन तथा उप महाप्रबंधक अनिल कुमार की देखरेख में 26 अप्रैल से बड़ा जामकुंडिया गांव में डीप बोरिंग के माध्यम से जल मीनार परियोजना की शुरुआत की गई। यह कार्य गुवा खदानों के कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम के तहत किया जा रहा है।

वित्तीय वर्ष 2024-25 के बजट प्रावधान के अनुसार गुवा अयस्क खदानों से जुड़े पांच चयनित सीएसआर गांवों जिसमें बड़ा जामकुंडिया, छोटा जामकुंडिया, दुइया, गंगदा और घाटकुरी में कुल पाँच जल मीनारों की स्थापना की योजना बनाई गई है। इन जल मीनारों के माध्यम से ग्रामीणों को सुरक्षित और निरंतर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

डीजीएम (सीएसआर) अनिल कुमार ने जानकारी दी कि यह परियोजना दो माह के भीतर पूर्ण कर ली जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक गांव में जल मीनार की स्थापना के साथ आवश्यक पाइपलाइन और स्टोरेज टैंक भी लगाए जाएंगे, ताकि घर-घर तक साफ पानी पहुंचे। इस पहल से इन ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या का स्थायी समाधान मिलने की उम्मीद है।

यहां जल मीनार परियोजना की शुरुआत से स्थानीय रहिवासियों में उत्साह और संतोष की भावना देखी जा रही है। ग्रामीणों ने जीओएम प्रबंधन के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे एक ऐतिहासिक कदम बताया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *