Advertisement

जनवि में पांच दिवसीय स्काउट, गाइड विद्यालय स्तर पर शिविर का समापन

ममता सिन्हा/तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में जवाहर नवोदय विद्यालय तेनुघाट में पांच दिवसीय स्काउट, गाइड का विद्यालय स्तर पर शिविर का आयोजन किया गया। शिविर बीते 18 अप्रैल से 22 अप्रैल तक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चला।

जानकारी के अनुसार उक्त शिविर में प्रवेश, प्रथम सोपान, द्वितीय सोपान एवं तृतीय सोपान टेस्टिंग कैंप सहित राज्य पुरस्कार टेस्टिंग कैंप में भाग लेने वाले बच्चों को प्रशिक्षित किया गया है। साथ हीं स्काउट गाइड के बच्चों को स्काउट एवं गाइड के इतिहास की जानकारी दी गई। इस अवसर पर स्काउट गाइड के संस्थापक वेडेन पावेल की जीवनी के बारे में पूर्ण जानकारी दी गई तथा उनके विचार एवं आदर्शों को बताया गया।

ज्ञात हो कि, स्काउट एवं गाइड पूरे विश्व स्तर पर विस्तारित है। स्काउट गाइड पूरे विश्व को एक सूत्र में बांधने का अद्भुत संगठन है, जिसके आदर्श एवं सिद्धांत विश्व में एकता, शांति एवं विश्व बंधुत्व को बढ़ावा देता है। इसलिए पूरे विश्व में कई देश इसकी सदस्यता ग्रहण किए हुए हैं।

बताया जाता है कि वर्तमान में जवाहर नवोदय विद्यालय के 69 छात्राएं गाइड में तथा 55 छात्र स्काउट में है। पांच दिवसीय शिविर में 30 स्काउट और 37 गाइड के बच्चों को प्रथम सोपान, द्वितीय सोपान एवं तृतीय सोपान के पाठ्यक्रम की पूर्ण जानकारी दी गई। साथ हीं उन्हें प्रायोगिक जानकारी भी दी गई।

उपस्थित स्कूली बच्चों ने उत्साह पूर्वक स्काउट गाइड के पाठ्यक्रम का श्रवण किया और इससे संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। शिविर में उपस्थित बच्चों ने स्वास्थ्य सहायता, सेवा कार्य, कई प्रकार के गांठे, फांस की जानकारी प्राप्त की। इतना ही नहीं बच्चों ने विभिन्न विपत्तियों के समय रहिवासियों को किस प्रकार स्वयं और दूसरों को संघर्ष करना है या सुरक्षा प्रदान करना है उसकी भी जानकारी प्राप्त की।

आयोजित शिविर में प्रतिदिन सुबह बीपी 6 व्यायाम से बच्चे लाभान्वित होकर, सफाई कार्य, झंडोत्तोलन एवं पाठ्यक्रम की जानकारी प्राप्त किए। प्रतिदिन संध्या बेला में कैंप फायर का आयोजन होता रहा, जिसमें बच्चे दिनभर के कार्यक्रम के बाद अपनी थकान को दूर करने के लिए अपने दोस्तों के साथ अपने अपने कार्य के बारे में साझा करते थे।

इस अवसर पर जनवि तेनुघाट के प्राचार्य विपिन कुमार ने बताया कि बच्चों ने कैंप में अपने अपने कार्य से सभी को अचंभित किया। उनके करतब देख कर ऐसा लगा कि वे आगे चल कर हर क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने में कामयाब होंगे। इस अवसर पर लिली बेक, अंविता त्रिपाठी, रवि राय, सोनालिका दास, सुबोध सिंह, राजीव कुमार सहित दर्जनों विद्यालय कर्मी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *