Advertisement

सीआरपीएफ के 87वें स्थापना दिवस पर किरीबुरू में फिटनेस जागरूकता अभियान

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 87वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 27 जुलाई को पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में किरीबुरू में फिटनेस जागरूकता अभियान चलाया गया।

जानकारी के अनुसार सीआरपीएफ डी/26 बटालियन किरीबुरू द्वारा खेलो इंडिया स्कीम और फिट इंडिया मूवमेंट के तहत साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली का नेतृत्व सहायक कमांडेंट अरविन्द कुमार रजक, सहायक कमांडेंट एमके चौरासिया, इंस्पेक्टर अंजू सिंह, इंस्पेक्टर निरंजन सिंह, इंस्पेक्टर एस पी सिंह तथा किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार ने संयुक्त रूप से किया। इस साइकिल रैली में सीआरपीएफ जवानों के साथ-साथ किरीबुरू क्षेत्र के स्कूली बच्चों, ग्रामीणों एवं आम रहिवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत 27 जुलाई की सुबह की गयी, जिसमें दर्जनों साइकिल सवारों ने शहर की सड़कों पर मार्च कर स्वस्थ भारत, फिट भारत का संदेश दिया। रैली के आयोजन में गांव के मुखिया तथा स्थानीय स्कूल के प्राचार्य की सक्रिय उपस्थिति भी रही। उन्होंने न सिर्फ बच्चों और ग्रामीणों का उत्साहवर्धन किया, बल्कि जवानों की इस सामाजिक पहल की प्रशंसा करते हुए इसे समुदाय और सुरक्षा बलों के बीच की दूरी को कम करने वाला कदम बताया।

साइकिल रैली के समापन के पश्चात सभी प्रतिभागियों के बीच मिठाई वितरण किया गया। जवानों द्वारा बच्चों और ग्रामीणों को फल, मिठाइयाँ और हल्का जलपान वितरित किया गया, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और भी बढ़ गई।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *