रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पीएमश्री +2 उच्च विद्यालय कसमार में 3 दिसंबर को भारत के प्रथम राष्ट्रपति देशरत्न डॉ राजेन्द्र प्रसाद का जन्म दिवस श्रद्धा, सम्मान एवं भावपूर्वक मनाया गया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक फारुक अंसारी के निर्देशन में कोयल सदन प्रार्थना सभा में आयोजित समारोह में ईको क्लब के नोडल शिक्षक महाकांत झा ने डॉ राजेंद्र प्रसाद के कुशल नेतृत्व, व्यक्तित्व एवं महान योगदान से विद्यालय के छात्रों को अवगत कराया। वरिष्ठ शिक्षक रामबाबू शुक्ल ने देशरत्न के सादा जीवन की महत्ता को रेखांकित करते हुए कहा कि राष्ट्रपति रहते हुए वे अपने वेतन का आधा हिस्सा ही लेते थे, जिसे बाद में घटाकर उन्होंने एक चौथाई कर दिया था।
विद्यालय अन्वेषण परिषद के संयोजक डॉ अवनीश कुमार झा ने कहा कि डॉ राजेन्द्र प्रसाद की विद्वता को लेकर प्रेसिडेंसी कॉलेज कलकत्ता के उनके एक प्राध्यापक महोदय ने कहा था कि परीक्षार्थी परीक्षक से ज्यादा जानकार है। इतिहास शिक्षक अमित कुमार ने स्वतंत्रता संग्राम में डॉ राजेन्द्र प्रसाद की भूमिका पर प्रकाश डाला और कहा कि उनका जीवन हम सब के लिए अनुकरणीय है।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक – शिक्षिकाओं एवं छात्र – छात्राओं ने देशरत्न डॉ राजेंद्र प्रसाद के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनको श्रद्धांजलि दी। साथ ही, आज ही विद्यालय में भोपाल गैस त्रासदी दिवस भी मनाया गया। ईको क्लब के वरीय शिक्षक महाकांत झा के नेतृत्व में भोपाल गैस त्रासदी में सन् 1984 ई. में मिथाइल आइसो साइनेट के रिसाव से हताहत हुए हजारों रहिवासी पीड़ितों की आत्मा की शांति के लिए विद्यालय परिवार ने सामूहिक प्रार्थना की।
विद्यालय में ईको क्लब टीम के द्वारा इस विषय पर क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसके अलावा, विद्यालय प्राचार्य के नेतृत्व में विद्यालय अन्वेषण परिषद की बैठक आयोजित कर इस महीने विद्यालय अन्वेषण प्रतियोगिता का आयोजन करने का भी निर्णय लिया गया।
![]()













Leave a Reply