Advertisement

गुवा सेल खदान के डोजर में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में सेल के गुवा स्थित खदान क्षेत्र के ओटी हिल 14 नंबर के नीचे 6 मार्च की सुबह लगभग 11 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई जब आयरन ओर उत्खनन कार्य में लगे एक डोजर में अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई।

बताया जाता है कि डोजर में आग लगते ही वहां कार्यरत मजदूरों और कर्मियों के बीच हड़कंप मच गया। डोजर चला रहे ठेका मजदूर चालक ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत सूझबूझ का परिचय दिया और जलते हुए डोजर से कूदकर अपनी जान बचायी। घटना के तुरंत बाद सेल कर्मियों ने इसकी सूचना सेल प्रबंधन को दी। सूचना मिलते ही प्रबंधन की ओर से पानी टैंकर को मौके पर भेजा गया। पानी टैंकर की मदद से आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया, जिससे बड़ी दुर्घटना होने से टल गई। हालांकि इस घटना में डोजर को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।

उक्त घटना के बाद कुछ देर के लिए खदान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। वहीं प्रबंधन की ओर से मामले की जांच की बात कही जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *