ममता सिन्हा/तेनुघाट (बोकारो)। स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह की तैयारी को लेकर बोकारो जिला के हद में बेरमो अनुमंडल मुख्यालय तेनुघाट स्थित चिल्ड्रेन पार्क मैदान में 13 अगस्त को परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास किया गया।
गौरतलब है कि, स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के तहत् परेड का पूर्वाभ्यास पूर्व से ही चल रहा था, इसके तहत् 13 अगस्त को अंतिम पूर्वाभ्यास किया गया। परेड का निरीक्षण बेरमो अनुमंडल के कार्यपालक दंडाधिकारी कुमार कनिष्क ने किया। परेड के निरीक्षण के बाद कार्यपालक दंडाधिकारी ने तिरंगे को सलामी दी। परेड में सशस्त्र पुलिस बल का प्लाटून एवं विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं का प्लाटून शामिल था।
स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर चिल्ड्रेन पार्क की रंगाई पुताई कर आकर्षक तरीके से सजाया गया है। इस अवसर पर तेनुघाट ओपी प्रभारी सहित बीरेंद्र प्रसाद, मुकेश कुमार व् अन्य गणमान्य उपस्थित थे। इस बारे में अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश मछुवा और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस मनाने को लेकर सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। कहा गया कि परेड के अंतिम पूर्वाभ्यास का जायजा लिया गया है।
सभी प्लाटूनों ने निर्धारित समय पर कार्यक्रम को पूरा किया है। बारिश को देखते हुए ऐतिहातन कुछ और अतिरिक्त व्यवस्था के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है। उन्होंने अनुमंडल क्षेत्र के रहिवासियों से अपील करते हुए कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत अपने घरों, प्रतिष्ठानों में ससम्मान राष्ट्रध्वज अवश्य फहराये।
बताया गया कि मुख्य मंच, परेड ग्राउंड, अतिथि दीर्घा, आम जनता के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सजावट, सुरक्षा प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, चिकित्सीय सुविधा एवं आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि सभी कार्य समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि स्वतंत्रता दिवस समारोह सुचारु रुप से संपन्न हो सके।
![]()













Leave a Reply