Advertisement

कसमार के कस्तूरबा विद्यालय में चला फाइलेरिया उन्मूलन अभियान

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसमार के तत्वावधान में 23 को कमलापुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय कमलापुर में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत विशेष दवा सेवन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय की छात्राओं एवं सभी कर्मियों ने फाइलेरिया रोधी दवाएं डीईसी एवं अल्बेंडाजोल का सामूहिक रूप से सेवन किया।

इस अवसर पर दवा सेवन से पूर्व एमटीएस शैलेश ठाकुर ने छात्राओं को फाइलेरिया (हाथी पांव) के कारण, लक्षण और बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह बीमारी मच्छरों के माध्यम से फैलती है और इसका प्रभाव वर्षों बाद दिखाई देता है, इसलिए समय पर दवा लेना अत्यंत आवश्यक है।

प्रखंड के स्वास्थ्य कर्मियों की निगरानी में छात्राओं को उम्र एवं शारीरिक मापदंड के अनुसार दवाएं दी गईं। आयुष चिकित्सक डॉ हरिपद सोरेन ने सलाह दी कि दवाएं खाली पेट न लें और सेवन के बाद पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। एमपीडब्ल्यू अविनाश कुमार ने कहा कि फाइलेरिया उन्मूलन अभियान सरकार की महत्वपूर्ण स्वास्थ्य पहल है।

कहा कि सामूहिक दवा सेवन से इस बीमारी की श्रृंखला को तोड़ा जा सकता है। उन्होंने कहा कि हम सभी का दायित्व है कि अपने-अपने क्षेत्र में आमजनों को जागरूक करें और सुनिश्चित करें कि कोई भी रहिवासी दवा सेवन से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि छात्राएं अपने परिवार और गांव में जागरूकता फैलाकर स्वास्थ्य दूत की भूमिका निभा सकती हैं। मौके पर वार्डन मालती कुमारी, दीपक उरांव, एएनएम मंजू कुमारी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी एवं विद्यालय परिवार के सदस्यगण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *