पेटरवार के भूलनखेतको में भीषण सड़क हादसा

हादसे में अठारह वर्षीय युवक की ट्रैक्टर से दबकर दर्दनाक मौत

ग्रामीणों ने की सात घंटा मार्ग अवरूद्ध, पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा

प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार थाना क्षेत्र चांदो पंचायत के टोला भूलनखेतको मुख्य मार्ग पर 17 मई को प्रातः अज्ञात ट्रैक्टर की चपेट में आने से स्थानीय एक 18 वर्षीय सुजीत कुमार दास नामक युवक की दर्दनाक मौत घटनास्थल पर ही हो गई।

बताया जाता है कि वाहन (बालू लदा अज्ञात ट्रैक्टर) घटना के बाद मौके से भाग निकला। वहीं घटना की तुरंत सूचना पुलिस एवं जन-प्रतिनिधियों को देने के बाद अक्रोशित ग्रामीणों द्वारा उक्त मार्ग को जाम कर दिया गया। दूसरी ओर शव के निकट मृतक की मां रीना देवी एवं अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। कुछ रिश्तेदार एवं टोले की अन्य महिलाएं उसे ढाढस बंधा रही थी। बताते हैं कि, युवक अपनी बाइक से ट्यूशन के लिए निकला था, कि अचानक उक्त ट्रैक्टर के चपेट में आ गया, जिससे उसका माथा बुरी तरह कुचल गया।

घटना की सूचना पाकर पेटरवार थाना प्रभारी राजू कुमार मुंडा, कसमार थाना प्रभारी भजन लाल महतो, जरीडीह थाना प्रभारी बिपिन कुमार महतो, पेटरवार सीओ अशोक कुमार राम सहित जिप सदस्य सह झामुमो नेता अशोक कुमार मुर्मू, चांदो मुखिया पति राजेंद्र नायक, पंसस पति बरूण नायक, पेटरवार प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष सह सूबे के मंत्री योगेंद्र प्रसाद के प्रतिनिधि मुकेश कुमार महतो, बेरमो विधायक कुमार जयमंगल के निजी सचिव अभय ठाकुर, जैनामोड़ चेंबर्स एसो के अध्यक्ष संजय सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य जुटे, पर मामले को सुलझाकर शव उठाने की सहमति नहीं बन रही थी।

अंततः अंचल अधिकारी अशोक कुमार राम ने यह स्पष्ट करते हुए परिजनों को आश्वस्त किया कि प्रोटोकॉल एवं डीबीटी के तहत मृतक परिवार को 2 लाख 20 हजार सरकारी राशि प्रदान की जायेगी। इसके अलावे एक आवास एवं सरकारी हर सुविधाएं दी जाएगी। देर शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपी गई। इसके बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

घटना स्थल पहुंचने वालों में उपरोक्त के अलावा अजीत मुर्मू, सहदेव नायक, जीतलाल सोरेन, गणेश सोरेन, जीतलाल किस्कू, जुगल रजवार, पवन रजवार, आशीष नायक, अक्षय टुडू, राजकुमार टुडू, लखीराम बास्की, नीलेश किस्कू, हराधन झा, बिनोद कुमार सोरेन, रविंद्र कुमार सिंह, राजेंद्र सिंह (कांग्रेस प्रतिनिधि), लालेश्वर टुडू, ओमप्रकाश कुमार सहित सैकड़ों ग्रामीण महिला, पुरुष, बच्चे, बुजुर्ग घंटो जुटे रहे और ट्रैक्टर चालन पर रोक या पैनी नजर रखे जाने की बात कही।

 71 total views,  71 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *