Advertisement

आदर्श मध्य विद्यालय बड़ाजामदा में शिक्षक की विदाई सह सम्मान समारोह

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में बड़ाजामदा स्थित आदर्श मध्य विद्यालय में 31 जनवरी को विद्यालय के सहायक शिक्षक मोहम्मद परवेज अख्तर के सेवानिवृत्त होने पर विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

इस भावभीनी कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, जनप्रतिनिधियों तथा छात्र-छात्राओं ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी। समारोह की शुरुआत विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा स्वागत गीत से की गई। इसके बाद बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत नृत्य प्रस्तुत कर शिक्षक के प्रति अपने स्नेह और सम्मान को अभिव्यक्त किया। पूरे वातावरण में भावनात्मक जुड़ाव और कृतज्ञता की झलक देखने को मिली।

ज्ञात हो कि मोहम्मद परवेज अख्तर विगत आठ वर्षों से आदर्श मध्य विद्यालय बड़ाजामदा में सहायक शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं नैतिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। अपने विदाई संबोधन में सेवानिवृत्त शिक्षक अख्तर ने कहा कि विद्यालय में बच्चों के साथ आठ वर्षों तक सेवा देने का अवसर मिला और यह समय कब बीत गया, इसका एहसास ही नहीं हुआ। बच्चों के साथ बिताए गए पल हमेशा उनके दिलों में जीवित रहेंगे। उन्होंने विद्यालय परिवार और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की ओर से अख्तर को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजकुमार श्रीवास्तव, बड़ाजामदा की मुखिया पार्वती देवी, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष देवेंद्र देवगम सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिका एवं अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *