26 सितंबर से 10 अक्टूबर तक विश्व गर्भ निरोधक दिवस पखवाड़ा
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। विश्व गर्भ निरोधक दिवस पखवाड़ा 26 सितंबर से आगामी 10 अक्टूबर मनाया जा रहा है। इसे लेकर बोकारो के सिविल सर्जन डॉ अभय भूषण प्रसाद के निर्देशानुसार 29 सितंबर को सदर अस्पताल बोकारो के सभागार में एक दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ एन.पी. सिंह शामिल हुए। उक्त कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उपाधीक्षक डॉ सिंह ने कहा कि विश्व गर्भनिरोधक दिवस पखवाड़ा मनाने का उद्देश्य महिलाओं और पुरुषों को परिवार नियोजन के साधनों को अपनाने और दो बच्चों के बीच अंतर रखने के लिए प्रोत्साहित करना है, जिससे एक सशक्त परिवार का निर्माण हो सके। उन्होंने बताया कि परिवार नियोजन न केवल महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि यह परिवार की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत बनाने में मदद करता है।

जिला आरसीएच पदाधिकारी सह-नोडल पदाधिकारी डॉ सेलिना टुडू ने परिवार नियोजन में जागरूकता फैलाने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने स्थायी और अस्थायी साधनों के बारे में बताया। उन्होंने स्थायी साधनों में पुरुष नसबंदी में जागरूकता फैलाने पर विशेष ध्यान देने को कहा। कार्यक्रम के दौरान डॉ पंकज कुमार, डॉ सौरभ शंख्यान, अस्पताल प्रबंधक पवन श्रीवास्तव, शहरी स्वास्थ्य प्रबंधक विश्वरंजन, परामर्शदाता पूनम कुमारी, सदर अस्पताल के एनएचएम के सभी कर्मचारी, पीएसआई इंडिया से संजीव कुमार शर्मा आदि उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply