ऑनलाइन जुए और कसीनो ऐप में उड़ाई जनता की जमा पूंजी
सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। बीते अगस्त माह में पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में गुवा डाकघर में हुई राशि के फर्जी निकासी के मामले का खुलासा का दावा पुलिस द्वारा किया गया है। पुलिस ने लगभग 50 लाख रुपये की फर्जी निकासी के आरोप में गुवा रेलवे मार्केट स्थित डाकघर में पदस्थापित 46 वर्षीय तत्कालीन उप डाकपाल विकास चंद्र कुलिला को गिरफ्तार किया है।
बताया जाता है कि आरोपी ने डाकघर की विभिन्न बचत योजनाओं के खाताधारकों की राशि का दुरुपयोग कर राशि जुए में हार गया। उक्त मामला बीते 1 फरवरी 2023 से 19 जून 2025 के बीच का है। इस अवधि में आरोपी द्वारा फर्जी तरीके से ₹50,56,473/- (पचास लाख छप्पन हजार चार सौ तिहत्तर रुपये) की निकासी की गई थी। इस संबंध में डाक निरीक्षक सुमन कुमार सांमता ने शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर गुवा थाना में कांड क्रमांक-34/25 दर्ज किया गया था।
जांच के क्रम में यह खुलासा हुआ कि आरोपी विकास चन्द्र कुलिया ने फर्जी निकासी की गई राशि से ऑनलाइन जुए के ऐप डेल्टा एक्सचेंज और धूम 999 कैसिनो पर लाखों रुपये गंवाए। इसके अलावा, उसने स्थानीय जुआ स्थलों यथा मुर्गा पाड़ा हब्बा डब्बा में भी भारी रकम हारी। आरोपी के एसबीआई और डाकघर खातों की जांच में भारी धन के लेनदेन का प्रमाण मिला है।
पश्चिम सिंहभूम पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर किरीबुरू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय केरकेट्टा के नेतृत्व में एक टीम गठित कर टुंगरी स्थित आरोपी के आवास पर छापेमारी की गई, जहां से आरोपी को उसकी पत्नी और दो स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से ओपो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया है। गुवा थाना में 8 अक्टूबर को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय केरकेट्टा एवं थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने कलमबद्ध बयान के तहत स्पष्ट किया कि पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
बताया जाता है कि गिरफ्तार आरोपी उप डाकपाल विकास चन्द्र कुलिया अच्छे परिवार से जुडे थे, लेकिन गुवा के महौल एवं जुआरी तथा नशेड़ियों ने उन्हें गलत मार्ग पर ले जाकर भटकाव के दलदल में गिरा दिया। जिसके कारण उसने ख़ाताधारको की जमा राशि का फर्जी निकासी कर डाक विभाग को चुना लगाया।
![]()













Leave a Reply