अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में दाउदपुर बाजार में 3 मई को नकली नोट बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। दाउदपुर पुलिस ने इस मामले का उद्भेदन करते हुए गिरोह के मास्टर माइंड सहित चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है।
सारण पुलिस अधीक्षक कार्यालय छपरा से प्राप्त सूचनानुसार पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि दाउदपुर बाजार में चार कारोबारियों के द्वारा नकली नोट बनाने के आशय से कागज को नोट के आकार में नाप कर काटा जा रहा है। उक्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दाउदपुर थाना की टीम ने दाउदपुर बाजार में उक्त बताए स्थल पर पहुंचकर छापामारी की। छापामारी के क्रम में चारो आरोपियों को कागज को नोट के आकार में नाप कर काटते पकड़ा गया। जिनसे पूछताछ करने पर उनके द्वारा कोई संतोषजनक जबाव नहीं दिया गया। तत्पश्चात उक्त स्थल की तलाशी ली गयी।
बताया जाता है कि पुलिस द्वारा तलाशी के क्रम में उक्त स्थल से 500 रुपये का नोट, कागज के बन्डल के ऊपर रबर से लपेटा हुआ, एक अन्य 500 रुपए का नोट साइड में कागज के साथ रखा हुआ एवं ₹500 नोट के आकार में काटा हुआ कागज का बन्डल को विधिवत जब्त कर चारो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों से कड़ाई से पूछताछ करने पर उनके द्वारा बताया गया कि उन्हें सारण जिला के हद में दाउदपुर थाना क्षेत्र के बांगर रहिवासी शारदा सिंह के पुत्र अमित कुमार सिंह द्वारा फोन कर नोट के आकार में नापकर कागज को काटने के लिए बुलाया गया था। इसके बदले उन्हें पैसा दिया जाता था। पहले भी इनके द्वारा ऐसा काम किया गया है।
इस संबंध में दाउदपुर थाना में कांड क्रमांक-100/25 दर्ज किया गया है। इस कांड में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में प्रवीण कुमार, पिता ज्ञानेश्वर प्रसाद, साकिन दुमदुमा, थाना-दाउदपुर, जिला सारण, आदित्य राज, पिता सुनील राज, साकिन दुमदुमा, थाना दाउदपुर, जिला सारण, गौरव कुमार, पिता लालकिशोर सिंह, साकिन दुमदुमा, थाना दाउदपुर, जिला सारण एवं अमित कुमार, पिता शारदा सिंह, साकिन बंगरा, थाना दाउदपुर, जिलासारण शामिल है।
पुलिस ने घटनास्थल से ₹ पाँच सौ का नोट-2, ₹ दो सौ का नकली नोट-1, नोट के आकार में काटा गया कागज का टुकड़ा 350 पीस, दो मोबाइल जप्त किया गया है। छापामारी टीम में दाउदपुर थानाध्यक्ष एवं थाना के अन्य पुलिस कर्मी शामिल थे।
86 total views, 6 views today