रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो के सिटी थाना क्षेत्र के नया मोड़ में बीते 16 दिसंबर की रात्रि ट्रैफिक चेकिंग के दौरान नकली सीआरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट का पर्दाफाश किया गया। बिना हेलमेट बाइक चला रहे एक व्यक्ति को ट्रैफिक पुलिस ने रोका। पूछताछ के दौरान उसने खुद को सीआरपीएफ में असिस्टेंट कमांडेंट बताते हुए ट्रैफिक एएसआई ओशो प्रदीप को धौंस दिखानी शुरू कर दी। उसने वाहन जांच कर रहे अधिकारी का ट्रांसफर कराने तक की धमकी दी।
बताया जाता है कि संदेह होने पर एएसआई ओशो प्रदीप ने पहचान पत्र की गहन जांच की, जिसमें फर्जीवाड़ा सामने आया। आरोपी के पास सीआरपीएफ और एनएसजी के दो अन्य फर्जी पहचान पत्र भी मिले। नामों में भी भारी गड़बड़ी पाई गई। आरोपी का असली नाम अश्वनी कुमार ठाकुर (उम्र लगभग 35 वर्ष), रहिवासी जोशी कॉलोनी चास है, जबकि पहचान पत्रों पर अलग-अलग नाम दर्ज थे। ट्रैफिक पुलिस ने सभी फर्जी पहचान पत्र जब्त कर सिटी थाना में मामला दर्ज किया। इसके बाद 17 दिसंबर को आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
![]()













Leave a Reply