Advertisement

महाशिवरात्रि को लेकर सोनपुर के बाबा हरिहरनाथ मंदिर में व्यापक व्यवस्था

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर के विश्व प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर में शिवरात्रि के दिन 15 फरवरी को बाबा हरिहरनाथ महादेव के दर्शन में भक्तों को कोई परेशानी न हो इसके लिए सोनपुर अनुमंडल प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।

जानकारी के अनुसार महाशिवरात्रि को लेकर बाबा हरिहरनाथ मंदिर में प्रवेश तथा निकास के लिए अलग -अलग बैरिकेडिंग की व्यवस्था के साथ साथ मंदिर परिसर में साफ- सफाई एवं पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा की दृष्टि से शिव बारात -शोभा यात्रा के दौरान विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी। शिव बारात के दौरान शिव बारात शोभा यात्रा समिति भी अपने स्तर से पर्याप्त स्वयंसेवक रखेंगे।

शिवरात्रि को लेकर प्रशासन द्वारा यह भी निर्देश दिया गया है कि वे सड़क के बाईं ओर से ही शिव बारात यात्रा ले जाएं, ताकि राहगीरों एवं दर्शकों को परेशानी न हो। काली घाट से बाबा हरिहरनाथ मंदिर के बीच ट्रैफिक कंट्रोल करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। पर्यावरण को ध्वनि प्रदूषण के कुप्रभावों से मुक्त करने के लिए पटना उच्च न्यायालय के पूर्व के आदेश के आलोक में डीजे एवं उच्च ध्वनि विस्तारक पर प्रतिबंध रहेगा।

बताया जाता है कि हरिहरनाथ मंदिर में शिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं द्वारा शिवलिंग पर जलाभिषेक, पूजा – अर्चना के क्रम में महिलाओं, बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्रथमिकता दी जा रही है और महिलाओं के साथ कोई छेड़खानी की घटना न हो इसके लिए काली मंदिर, काली घाट, बाबा हरिहरनाथ मंदिर सहित सभी संभावित पूजा – स्थलों पर महिला सिपाही और सादी वर्दी में पुलिस कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। महाशिवरात्रि के दिन श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ के दृष्टिगत यातायात को सुचारू बनाये रखने के लिए आसपास के मुख्य चौक चौराहों पर भी पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *