Advertisement

महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए बैंकर्स का एक्सपोज़र विजिट

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिले में महिला उद्यमिता को नई दिशा देने के लिए जिला प्रशासन और बैंक मिलकर कदम बढ़ा रहे हैं। इसी कड़ी में 9 अक्टूबर को जिला के हद में चास प्रखंड में इंडिविजुअल विमेन इंटरप्राइज (मुद्रा) पर एक विशेष एक्सपोजर विजिट आयोजित किया गया।

उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार के निर्देश पर आयोजित मुद्रा कार्यक्रम में जिले के दो प्रखण्डों यथा चास और चंदनकियारी के बैंक शाखा प्रबंधकों ने हिस्सा लिया। बताया जाता है कि बैंकर्स की तीन टीमें बनाई गईं, जिन्होंने रितुडिह, हेसवातु पूर्वी और भाङ्रो पंचायतो का दौरा किया। भ्रमण के दौरान बैंक अधिकारियों ने स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की दीदियों और महिला उद्यमियों से आमने-सामने बातचीत की। इस दौरान महिलाओं ने अपने लघु उद्योग, आजीविका गतिविधियां और सामुदायिक उद्यमों की जानकारी साझा की।

विजिट के दौरान बैंक प्रबंधकों ने कहा कि महिलाओं को समय पर और आसान ऋण सुविधा उपलब्ध कराना बैंकों की प्राथमिकता है। साथ हीं यह भी आश्वासन दिया गया कि महिला उद्यमियों को आगे बढ़ाने में हरसंभव सहयोग किया जाएगा। ज्ञात हो कि, सरकार की इस पहल का मकसद ग्रामीण महिलाओं को बैंकिंग से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। अधिकारियों का मानना है कि इससे न केवल महिलाओं की आजीविका में सुधार होगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और छोटे उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *