Advertisement

सत्यलोक की पब्लिक लाइब्रेरी में सुविधाओं का विस्तार

विजय कुमार साव/गोमिया (बोकारो)। सत्यलोक संस्था द्वारा स्थापित पब्लिक लाइब्रेरी में हाल के दिनों में सुविधाओं का विस्तार किया गया है। इसमें सहयोग देने वालों के प्रति संस्था ने आभार व्यक्त किया है।

जानकारी के अनुसार गोमिया प्रखंड के हद में स्वांग स्थित सत्यलोक की पहल पर पब्लिक लाइब्रेरी में अध्ययन सुविधाओं का विस्तार स्वयंसेवी संस्था सत्यलोक द्वारा बीते वर्ष सरस्वती पूजा के अवसर पर पहली पब्लिक लाइब्रेरी की स्थापना की गई थी। इस लाइब्रेरी में विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क वाई-फाई, आरामदायक कुर्सियाँ, दो अध्ययन टेबल, कंप्यूटर सेट, इन्वर्टर तथा पीने के पानी जैसी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई थी, साथ ही स्वांग दक्षिणी के पूर्व मुखिया धनंजय सिंह द्वारा पढ़ने वाले बच्चों की वाशरूम समस्या का समाधान किया गया।

समय के साथ पुस्तकालय में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ी और बच्चों की ओर से यह मांग सामने आई कि केवल दो टेबल होने के कारण देर से आने वाले विद्यार्थियों को बैठने में असुविधा होती थी। इस पर टीम सत्यलोक ने वर्ष समाप्त होने से पहले चार अतिरिक्त टेबल लगाने का वादा किया था। समाज के सहयोग से यह लक्ष्य साकार हो सका।

बताया जाता है कि गोमिया स्थित फिटनेस फोरम जिम के संचालक मनीष कुमार ने टेबल निर्माण के लिए उत्तम गुणवत्ता का प्लाई निःशुल्क उपलब्ध कराया, वहीं हजारी मोड़ रहिवासी अमर ने बिना किसी मजदूरी के चारों टेबल तैयार कर दिए। टेबल लगने के बाद लाइब्रेरी में अध्ययनरत बच्चे अधिक सहूलियत और उत्साह के साथ पढ़ाई कर सकेंगे। इस नेक कार्य में सहयोग देने वाले सभी सज्जनों के प्रति टीम सत्यलोक एवं सत्यलोक लाइब्रेरी में पढ़ने वाले बच्चों की ओर से हार्दिक आभार एवं साधुवाद दिया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *