मैन ऑफ द मैच से सम्मानित किए गए इंजीनियरिंग विभाग के राजा भारती
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल में आयोजित अंतर विभागीय क्रिकेट टूर्नामेंट के तहत 19 मार्च को खेले गए मुकाबले बेहद रोमांचक रहा। पहले मैच में इंजीनियरिंग विभाग ने मैकेनिकल विभाग को अंतिम गेंद तक चले रोमांचक मुकाबले में एक विकेट से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की।
रेलवे स्टेडियम सोनपुर में खेले गये टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में मैकेनिकल विभाग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और शुरुआती चार बल्लेबाज मात्र 28 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गए। इसके बाद राजू यादव ने शिव शंकर मंडल एवं पंकज सिंह के साथ महत्वपूर्ण साझेदारी करते हुए टीम को संभाला और निर्धारित 20 ओवर से चार गेंद पहले 116 रन बनाकर पूरी टीम ऑल आउट हो गई।
इंजीनियरिंग विभाग की ओर से राजा भारती ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 2 मेडन के साथ 4 महत्वपूर्ण विकेट झटके। इसके अतिरिक्त अमित ने 2 विकेट, रंजीत एवं राजीव ने 1-1 विकेट झटके। 117 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने सधी हुई शुरुआत करते हुए पावर प्ले में बिना किसी नुकसान के 33 रन बनाए। हालांकि इसके बाद टीम को कुछ झटके लगे और मिथिलेश (10 रन) तथा रंजीत (15 रन) आउट होकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद जावेद ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 31 रन बनाए और टीम को जीत की ओर अग्रसर किया। सौरभ ने 16 रन का योगदान दिया। अंततः रोमांच अपने चरम पर पहुंचा और अंतिम ओवर में 17 रन बनाकर इंजीनियरिंग विभाग ने एक विकेट से मैच जीत लिया। मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राजा भारती को 4 विकेट लेने एवं उपयोगी 5 रन बनाने के लिए मैन ऑफ द मैच से सम्मानित किया गया।
वाणिज्य विभाग ने 16 रन से की जीत दर्ज
वहीं, दिन के दूसरे मुकाबले में वाणिज्य विभाग ने निर्धारित 20 ओवर में 102 रन बनाए। जवाब में बरौनी टीआरएस की टीम 15.4 ओवर में 86 रन बनाकर ऑल आउट हो गई और वाणिज्य विभाग ने 16 रन से जीत दर्ज की। वाणिज्य विभाग की ओर से मनीष कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट तथा सुमित ने 3 विकेट हासिल किए। इस मैच में प्रदीप मौर्य को 36 रन की महत्वपूर्ण पारी एवं 2 अहम विकेट लेने के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। आयोजित टूर्नामेंट में सभी टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है तथा खिलाड़ियों का उत्साह चरम पर है।
![]()













Leave a Reply