रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड वन बचाव समिति हीसीम की एक महत्वपूर्ण बैठक 15 फरवरी को आयोजित किया गया। अध्यक्षता राम बिलास महतो ने की।
बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत व सक्रिय बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय जगदीश महतो की आगामी 2 मार्च को पुण्यतिथि मनाने तथा समिति का महासम्मेलन आयोजित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने कहा कि दिवंगत जगदीश महतो ने वन संरक्षण और ग्रामीण हितों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया था। उनकी पुण्यतिथि को संकल्प दिवस के रूप में मनाते हुए समिति के विस्तार और जन जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
हाथियों के गांव में प्रवेश रोकने पर विचार
आयोजित बैठक में आयेदिन जंगली हाथियों के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रवेश से हो रहे नुकसान पर भी गंभीर मंथन किया गया। सदस्यों ने कहा कि फसलों और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए ठोस रणनीति बनाने की आवश्यकता है। इसके लिए वन विभाग से समन्वय स्थापित कर प्रभावी कदम उठाने पर सहमति बनी।
इस अवसर पर केंद्रीय वन सुरक्षा समिति के उपाध्यक्ष विष्णु चरण महतो ने कहा कि वन और पर्यावरण की रक्षा हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। समिति को मजबूत कर ही हम ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान कर सकते हैं। उन्होंने आगामी 2 मार्च को स्व. जगदीश महतो की पुण्यतिथि पर व्यापक कार्यक्रम आयोजित करने पर बल दिया। केंद्रीय समिति सदस्य आनंद महतो ने कहा कि महासम्मेलन के माध्यम से हम अधिक से अधिक रहिवासियों को जोड़ेंगे और वन संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाएंगे। कहा कि हाथियों की समस्या पर भी सामूहिक प्रयास जरूरी है।

कसमार प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष दिलीप हैब्रम ने कहा कि वन बचाव समिति को सबसे पहले सक्रिय होना पड़ेगा। इसके लिए प्रचार प्रसार करने और वन क्षेत्र में रहने वाले को जागरूक करने की आवश्यकता है। पंचायत समिति सदस्य जागेश्वर मुर्मू ने कहा कि जंगल बचेगा तो रहिवासी बचेंगे। पहले जंगल बचाने के लिए मुहिम चलाने की आवश्यकता है।
बैठक में कसमार प्रखंड अध्यक्ष गंगाधर महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में हाथियों के प्रवेश को रोकने के लिए प्रशासन और वन विभाग से समन्वय बनाकर स्थायी समाधान निकालने की दिशा में समिति पहल करेगी। बैठक के अंत में संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से सरोज महतो, सोमर महतो, काशीनाथ सोरेन, दिलीप महतो, प्रकाश कुमार महतो आदि उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply