Advertisement

सोनपुर मंडल के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को दी गयी भावभीनी विदाई

डीआरएम ने अंग-वस्त्र से किया सम्मानित, दिया पेंशन भुगतान का आदेश

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय सोनपुर के सभा कक्ष में बीते 30 अप्रैल को बिदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक विवेक भूषण सूद ने इस माह सेवानिवृत्त सभी कर्मचारियों (या परिजनों) को शॉल ओढ़ाकर एवं पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) प्रदान कर भावभीनी विदाई दी।

जानकारी के अनुसार समारोह में कुल 9 कर्मचारियों को सम्मानित किया गया, जिनमें 7 कर्मचारी सामान्य सेवानिवृत्ति, एक कर्मचारी स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति एवं एक मृत कर्मचारी के परिजन शामिल थे। सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों (या परिजनों) को मंडल रेल प्रबंधक सूद ने भावभीनी विदाई दी। यह सम्मान न केवल उनके दीर्घकालीन सेवाकाल की सराहना का प्रतीक है, बल्कि उनके योगदान को सदैव स्मरणीय बनाए रखने की दिशा में प्रशंसनीय पहल भी है।

मंडल रेल प्रबंधक सूद ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके समर्पण, अनुशासन और सेवा भावना के लिए साधुवाद देते हुए उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि रेलवे की उन्नति और मजबूती में इन कर्मचारियों का योगदान अविस्मरणीय रहेगा।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी, मंडल लेखा अधिकारी, सहायक कार्मिक अधिकारी सहित विभिन्न रेलवे यूनियन, एससी/एसटी एसोसिएशन तथा ओबीसी एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं सचिव गण भी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने सेवानिवृत्त साथियों को उनके भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं दी और उनके योगदान को याद किया।

इस आयोजन ने न केवल भावनात्मक जुड़ाव का वातावरण तैयार किया, बल्कि कर्मचारियों के प्रति संगठन की संवेदनशीलता और सम्मान की संस्कृति को भी दर्शाया।
रेल प्रशासन द्वारा सेवानिवृत्त सभी कर्मचारियों को उनके जीवन के नए चरण के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान के लिए कृतज्ञता प्रकट की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *