Advertisement

जिला अधिवक्ता संघ जनरल बॉडी की 28 जून की मीटिंग में चुनाव प्रक्रिया पर होगी चर्चा

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला अधिवक्ता संघ ने अपने सदस्यों के लिए 18 जून को संघ के चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण नोटिस जारी किया है। संघ की आगामी जनरल बॉडी मीटिंग आगामी 28 जून को सेंट्रल हॉल बोकारो में आयोजित की जाएगी।

जानकारी देते हुए वरीय अधिवक्ता रणजीत गिरि ने कहा कि संघ के अध्यक्ष बासुदेव गोस्वामी तथा प्रभारी महासचिव महेश चौधरी द्वारा जारी पत्र के अनुसार यह मीटिंग विशेष रूप से आगामी सत्र 2025-27 के लिए होने वाले बार एसोसिएशन चुनावों की तैयारी और प्रक्रिया पर केंद्रित होगी। कहा कि तीन सदस्यों वाले चुनाव समिति सदस्य के चयन के लिए गुप्त मतदान किया जाएगा।

चुनाव समिति सदस्य के लिए इच्छुक अधिवक्तागण आगामी 20 जून तक अपने नाम कार्यालय में प्रस्तुत करने होंगे। साथ ही साथ एक अन्य नोटिस जारी कर वैसे सभी पंजीकृत अधिवक्ताओं से अनुरोध किया गया है, जिन्होंने अभी तक अपना सत्यापन नहीं करवाया है। वैसे सदस्य अपने वेरिफिकेशन फॉर्म (सत्यापन पत्र) को भरकर 10 दिनों के अंदर, संबंधित दस्तावेजों को बोकारो जिला अधिवक्ता संघ के कार्यालय में जमा करना अनिवार्य होगा।

बताया गया कि यह कदम सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है कि सभी पात्र सदस्य चुनाव प्रक्रिया में भाग ले सकें और उनका नाम मतदाता सूची में शामिल हो सकें। कहा कि जनरल बॉडी मीटिंग का मुख्य उद्देश्य आगामी चुनावों की रूपरेखा तैयार करना है। मीटिंग में बार एसोसिएशन की नीतियों, वित्तीय रिपोर्ट और सदस्यों के कल्याण से संबंधित अन्य विषयों पर चर्चा होगी।

इंडियन एसोसिएशन ऑफ लॉयर्स के नेशनल कौंसिल मेंबर अधिवक्ता रणजीत गिरि ने सभी अधिवक्ता सदस्यों से इस मीटिंग में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह मीटिंग बोकारो के वकील समुदाय के लिए एक महत्वपूर्ण मंच होगी, जहां वे अपने नेतृत्व और भविष्य की दिशा तय कर सकेंगे। सभी अधिवक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे अपनी सदस्यता पहचान पत्र और वेरिफिकेशन फॉर्म के साथ मीटिंग में उपस्थित हों। जो सदस्य अभी तक वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए हैं, उन्हें तुरंत कार्यालय से संपर्क करना चाहिए।

स्थानीय वकील समुदाय के बीच इस मीटिंग को लेकर उत्साह देखा जा रहा है, क्योंकि यह न केवल चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने में मदद करेगी, बल्कि अधिवक्ताओं के पेशेवर हितों को मजबूत करने में भी योगदान देगी। गिरि ने सभी सदस्यों से अपील की है कि वे इस ऐतिहासिक अवसर पर उपस्थित होकर अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *