प्रहरी संवाददाता/तेनुघाट (बोकारो)। झारखंड में लगातार हो रही मूसलधार बारिश के मद्देनजर बोकारो जिला के हद में तेनुघाट स्थित डैम में जलभराव खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। डैम की जलधारण क्षमता 852 फीट है, जबकि वर्तमान में जलस्तर 856 फीट तक पहुंच गया है।
इस स्थिति को देखते हुए जल का दबाव कम करने के उद्देश्य से डैम के आठ रेडियल फाटक खोल दिए गए हैं। बताया जाता है कि बीते 18 जून को पहले दो फाटक खोले गए थे, इसके बाद जलभार को देखते हुए 19 जून की सुबह पुनः दो और फाटक खोले गए। दोपहर में जब दामोदर नदी का जलस्तर काफी तेज़ी से बढ़ा, तब चार अतिरिक्त फाटक खोल दिए गए। इस प्रकार अबतक कुल आठ फाटक खोला जा चुका हैं, जिससे लगभग 65 हजार क्यूसेक प्रति सेकेंड की दर से पानी दामोदर नदी में छोड़ा जा रहा है।
बताया जाता है कि आठ रेडियल गेट के खोले जाने के बाद दामोदर नदी का जलस्तर काफी तेजी से बढ़ रहा है। जलस्तर में बढ़ोत्तरी से नदी किनारे रहने वाले रहिवासियों को खतरा बढ़ गया है। बोकारो जिला प्रशासन ने नदी के आसपास रहने वाले रहिवासियों, मछली पकड़ने वालों और स्नान करने वालों को सतर्क कर दिया है। संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने रेड अलर्ट जारी किया है। साथ हीं कहा गया है कि आवश्यकता पड़ने पर दो और फाटक खोलने की तैयारी है।
ज्ञात हो कि तेनुघाट डैम में कुल 10 रेडियल गेट हैं, जिनमें से अब केवल दो ही बंद हैं। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
![]()













Leave a Reply