संयुक्त अभियान में बोकारो के लूगु पहाड़ में आठ नक्सली ढेर

मारे गये नक्सलियों में एक करोड़ का इनामी विवेक उर्फ प्रयाग मांझी शामिल

प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। भाकपा (माओवादी) विवेक उर्फ प्रयाग मांझी (केंद्रीय कमेटी सदस्य), सहदेव सोरेन (केंद्रीय कमेटी सदस्य) एवं अन्य 20 से 25 सशस्त्र माओवादियों की बोकारो जिला के हद में झुमड़ा की तलहटी तथा लुगु पहाड़ के समीप होने की सूचना पर संयुक्त बलों यथा-209 कोबरा, बोकारो पुलिस, झारखंड जगुआर एवं सीआरपीएफ द्वारा लूगु पहाड़ इलाके में 21 अप्रैल को विशेष संयुक्त अभियान डाकाबेड़ा चलाया गया। अभियान के दौरान सुबह लगभग 5:30 बजे से माओवादियों के दस्ते के साथ सुरक्षाबलों की कई बार मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के दौरान अब तक पुलिस मुठभेड़ में मारे गये 8 मृत शरीर, भारी मात्रा में हथियार एवं दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद किया गया है।

बताया जाता है कि बोकारो जिला के हद में जागेश्वर विहार थाना क्षेत्र के लुगु पहाड़ के तलहटी चोरगावां के समीप 21 अप्रैल की अहले सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गयी। यह मुठभेड़ कई घंटों तक चली। इस दौरान गोमियां थाना, ललपनिया थाना, जागेश्वर विहार थाना, महुआटांड़ थाना, रहावन थाना जंगल के मुठभेड़ क्षेत्र में डटे रहे। वहीं जंगल के बाहर पेटरवार थाना, तेनुघाट ओपी, गोमियां थाना, बेरमों इंस्पेक्टर सहित सैकड़ो जवान जंगल के किनारे डटे थे।

जानकारी के अनुसार ऑपरेशन डाकाबेड़ा के क्रम में अभियान में शामिल दो सौ नौ कोबरा बटालियन, एक सौ चौवन सीआरपीएफ एवं पुलिस बल द्वारा नक्सलियों से चार इंसास राइफल, एक सेल्फ लोडेड राइफल (एसएलआर) एक पिस्टल, नौ भारमार सहित खाना बनाने का बर्तन, खाद्य सामग्री आदि बरामद किया गया हैं।

अभियान के क्रम में प्रारंभिक जांच में 8 मृत नक्सलियों में से तीन की पहचान एक करोड़ का इनामी भाकपा माओवादी केंद्रीय कमेटी सदस्य विवेक उर्फ प्रयाग मांझी, स्पेशल एरिया कमेटी सदस्य अरविंद यादव तथा 10 लाख का इनामी जोनल कमेटी मेंबर साहब राम मांझी बताया जा रहा है। शेष 5 मृत नक्सलियों की पहचान के लिए प्रयास जारी है। सुरक्षा बलों द्वारा सर्च अभियान अभी भी जारी है।

इधर झारखंड के बोकारो में नक्सलियों से हुए मुठभेड़ को लेकर गृह मंत्रालय ने ट्वीट किया है कि नक्सलवाद को खत्म करने की हमारी मुहिम निरंतर जारी है। आज सुरक्षा बलों को नक्सलवाद को जड़ से उखाड़ने के लिए चल रहे अभियान में एक और बड़ी सफलता मिली है। कहा गया कि झारखंड के बोकारो जिला में स्थित लुगु हिल्स में मुठभेड़ में 8 माओवादी मारे गए, जिनमें एक शीर्ष स्तर का नक्सली नेता विवेक, जिस पर 1 करोड़ रुपये का इनाम था, और दो अन्य कुख्यात नक्सली शामिल हैं। ट्वीट में सुरक्षा बलों के कार्यों की सराहना की गयी है।

 160 total views,  138 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *