Advertisement

ट्रेनों की पार्सल यूनिट के लिए निविदा पूर्व प्री-बिड बैठक का आयोजन

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल के वाणिज्य विभाग द्वारा 21 मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में 27 पार्सल यूनिटों के लिए नवीन लीज निविदा प्रक्रिया 26 जून को आयोजित की जा रही है।

इस निविदा प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यावसायिक हितों के अनुरूप तथा व्यापक प्रतिस्पर्धा युक्त बनाने के लिए 25 जून को एक प्री-बिड बैठक का आयोजन वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रौशन कुमार की अध्यक्षता में किया गया। बैठक का संचालन सहायक वाणिज्य प्रबंधक (पार्सल) पंकज कुमार ने किया।

आयोजित बैठक में सोनपुर रेल मंडल के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लगभग 50 व्यापारी एवं संभावित लीज धारक शामिल हुए।
बताया जाता है कि वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रौशन कुमार ने निविदा से पहले उपस्थित व्यापारियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने उनकी समस्याएं, सुझाव एवं व्यावहारिक कठिनाइयां ध्यानपूर्वक सुनीं। व्यापारियों ने पार्सल यूनिट संचालन के दौरान आने वाली चुनौतियों यथा पार्सल लोडिंग समय, रैक पहुंच व्यवस्था, पारदर्शिता और अनुबंध शर्तों में सुधार से संबंधित बिंदु उठाए।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने व्यापारियों की सभी समस्याओं पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वस्त किया कि उनके सुझावों को यथासंभव निविदा प्रक्रिया में समाहित किया जाएगा एवं समस्याओं के समाधान के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।

विभाग द्वारा स्थानीय किसानों एवं व्यापारियों को सूचना दी गई है कि सोनपुर रेल मंडल की ओर से इस अहम मीटिंग का उद्देश्य स्थानीय किसानों को उनके उत्पादों के परिवहन एवं विपणन में अधिक सुविधा प्रदान करना है। इससे न केवल किसानों को अपने सामान को दूर- दराज के बाजारों तक भेजने में आसानी होगी, बल्कि उन्हें उनके उत्पादों का उचित बाजार मूल्य भी प्राप्त हो सकेगा। इस पहल से क्षेत्रीय कृषि व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस की दिशा में सोनपुर मंडल की प्रतिबद्धता को दर्शाती है यह पहल

सोनपुर रेल मंडल द्वारा सभी रिलीज़ होल्डर किसानों और व्यापारियों से भी अनुरोध किया गया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में टेंडर में भाग लें और इस प्रयास को सफल बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। कहा गया कि इस बैठक का उद्देश्य लीज नीति के तहत पार्सल व्यवसाय को प्रोत्साहन देना, पार्सल लीजधारकों के साथ विश्वास एवं संवाद कायम करना तथा रेलवे को साझेदारी के माध्यम से अधिक राजस्व प्राप्ति की दिशा में अग्रसर करना है। यह पहल ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस की दिशा में सोनपुर मंडल की प्रतिबद्धता को दर्शाती है और व्यापारिक समुदाय एवं रेलवे के बीच सहयोग को और सशक्त बनाने की दिशा में एक सशक्त कदम है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *