एक दिन में रेलवे ने वसूले 54 लाख 40 हजार रूपये जुर्माना
गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर द्वारा विभिन्न रेल मंडल में बीते 26 जुलाई को विशेष टिकट जांच अभियान चलाया। जांच में 9580 बेटिकट रेल यात्री को यात्रा करते पकड़ा गया। जिससे जुर्माने के तौर पर 54 लाख 40 हजार रूपये वसुला गया।
पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुर्व मध्य रेलवे द्वारा बिना टिकट और अनियमित यात्रियों पर लगाम कसने के लिए बीते 26 जुलाई को देर रात्रि तक दानापुर, सोनपुर, समस्तीपुर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं धनबाद पांचों रेल मंडलों में एक साथ मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया, ताकि मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों के एसी कोचों में अनधिकृत रूप से यात्रा करने वालों पर लगाम लगाई जा सके। इसके साथ ही सभी पैसेंजर ट्रेनों एवं मेमू ट्रेनों में भी विशेष टिकट जाँच की गयी एवं बेटिकट यात्रियों को पकड़ा गया।
बताया जाता है कि जाँच अभियान में पं.दीन दयाल उपाध्याय जं., गया, पटना, दानापुर, सोनपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, धनबाद एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस जंक्शन गोमो जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रेलवे अधिकारियों, पर्यवेक्षकों, रेल कर्मियों, टीटीई एवं बड़ी संख्या में रेलवे सुरक्षा बल को तैनात किया गया था।
इस जाँच अभियान में कुल 9 हजार 580 बेटिकट और अनियमित यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे जुर्माने के रूप में 54 लाख 40 हजार रुपए वसूले गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार बिहार की राजधानी पटना के गुलजारबाग स्टेशन पर बस-रेड में 140 यात्री बिना टिकट यात्रा करते पकड़े गए, जिनमें से 60 यात्रियों से जुर्माना वसूल कर उन्हें छोड़ दिया गया तथा 80 बेटिकट यात्रियों को रेलवे जुडिशियल मजिस्ट्रेट पटना के समाने कार्रवाई हेतु पेश किया गया।
दानापुर रेल मंडल में बिना टिकट या अनियमित यात्रा करते हुए 3140 यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे जुर्माना स्वरूप 18 लाख 86 हजार रूपए वसूल किए गए। पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में बिना टिकट या अनियमित यात्रा करते 970 यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे जुर्माना स्वरूप 5 लाख 17 हजार रूपए, धनबाद मंडल में बिना टिकट या अनियमित यात्रा करते 920 यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे जुर्माना स्वरूप 4 लाख 32 हजार रूपए वसूल किए गए।
जबकि सोनपुर रेल मंडल में इस दौरान 2570 रेल यात्रियों को बिना टिकट यात्रा करते पकड़ा गया, जिनसे 13 लाख 88 हजाऱ रूपए एवं समस्तीपुर मंडल में 1820 रेल यात्री बिना टिकट यात्रा करते पकड़े गए, जिनसे जांच टीम द्वारा जुर्माना के रूप में 12 लाख 16 हजार रूपये वसूल की गई।
बीते 26 जुलाई के इस मेगा टिकट जांच अभियान की वजह से बेटिकट यात्रा करने वाले यात्रियों में हड़कंप देखा जा रहा है। हाजीपुर स्टेशन पर 27 जुलाई को टिकट लेने वाले यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई।
354 total views, 1 views today