Advertisement

डुमरी के प्रवासी मजदूर लालचंद की दुबई में बिल्डिंग से गिरने से मौत

प्रहरी संवाददाता/बगोदर (गिरिडीह)। गिरिडीह जिला के हद में डुमरी थाना क्षेत्र के चैनपुर पंचायत के तूईओ रहिवासी केशव महतो के 28 वर्षीय पुत्र लालचंद महतो की दुबई में बिल्डिंग से गिरने से बीते 24 सितंबर की शाम मौत हो गई। इसकी सूचना मिलते ही यहां रह रहे उनके स्वजनों में कोहराम मच गया है।

सूचना मिलने पर प्रवासी मजदूरों के हित में कार्य करने वाले समाजसेवी सिकन्दर अली मृतक के घर पहुंचकर स्वजनों को ढाढ़स बंधाया। मृतक लालचंद अपने पीछे पत्नी जयंती देवी, पिता केशव महतो और माता कौशल्या देवी को छोड़ गया।

प्रवासी मजदूरों के हितार्थ कार्य करनेवाले समाजसेवी सिकन्दर अली ने इस अवसर पर कहा कि प्रवासी मजदूरों की मौत का यह इकलौता मामला नहीं है। आए दिन देश के दूसरे राज्यों समेत विदेशों में काम के दौरान बगोदर प्रखंड के प्रवासी मजदूरों की मौत के मामले सामने आते रहे हैं। बता दें कि झारखंड के गिरिडीह, बोकारो तथा हजारीबाग जिले से बड़ी संख्या में युवा रोजी-रोटी के लिए विदेश समेत देश के दूसरे राज्यों, महानगरों में पलायन करते हैं।

वहां राेजगार कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इस दौरान कई मजदूरों की मौत हो जाती है। इसलिए राज्य सरकार को स्थानीय स्तर पर रोजगार मुहैया कराने की दिशा में पहल करने की जरूरत है, ताकि पलायन को प्रभावी ढंग से रोका जा सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *