Advertisement

समस्तीपुर के बारह पत्थर में ड्रग के ओवरडोज ने ली युवक की जान

स्मैक, हेरोइन आदि ड्रग रोकने में बिहार पुलिस विफल-सुरेंद्र प्रसाद सिंह

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। बिहार में नशे के सौदागरो का बोलबाला है। यही कारण है कि नशे के आदि होकर बिहार के युवावर्ग स्वयं का जीवन बर्बाद कर असमय काल के गाल में समाते जा रहे हैं और बिहार पुलिस मामले में उदासीन रवैया अपना रही है।

ताज़ा वाकया समस्तीपुर शहर के बारह पत्थर मुहल्ले का बताया जा रहा है, जहां ड्रग्स के ओवरडोज से एक और युवा की मौत हो गयी है। उक्त घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए 31 दिसंबर को भाकपा माले जिला स्थाई समिति सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने शहर में ड्रग रोकने पर विफल होने का पुलिस पर आरोप लगाया है।

उन्होंने कहा है कि ड्रग की आपूर्ति और इस्तेमाल के बारे में पुलिस को जानकारी है, बाबजूद इसके पुलिस कुछ नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि कुछ महीने पहले समस्तीपुर टाऊन थाना को फोन कर ड्रग इस्तेमाल करने वाले एवं आपूर्ति स्थल की जानकारी भाकपा माले कार्यकर्ता ने पुलिस को दी थी।

एक तो पुलिस देर से पहुंची उसपर यह कि ड्रग सेवन किये हुए युवाओं को सैकड़ों रहिवासियों की उपस्थिति में वहां से जाने दिया गया। पुलिस अगर नशे में धूत युवाओं को पकड़कर पूछताछ करती तो बड़ा रैकेट का भांडा फूट सकता था और ड्रग से लगातार हो रहे मौत को रोका जा सकता था। लेकिन लेन-देन भी कोई कम काम नहीं बिगाड़ता है।

माले नेता ने पुलिस को स्थानीय रहिवासियों से गुप्त रूप से सहयोग लेकर ड्रग कारोबार का भंडाफोड़ करने की मांग की है‌। उन्होंने नशामुक्त दवा, सुई, कफ सिरप आदि बिना चिकित्सक के सलाह अथवा पर्ची के बेचने पर रोक लगाने की मांग भी की है। उन्होंने ड्रग का करोबार एवं इस्तेमाल रोकने के लिए पुलिस टास्क फोर्स गठन करने की भी मांग की है।
विदित हो कि ड्रग का शिकार होने से शहर के बारह पत्थर मुहल्ला में 31 दिसंबर को एक और युवा की मौत हो गयी। मृतक की पहचान जिला के हद में उजियारपुर थाना क्षेत्र के देसुआ पतैली रहिवासी राम कुमार गांधी के रूप में हुई है।

बताया जाता है कि पहले लावारिश लाश मिलने की सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची नगर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस दौरान मृतक के पिता ने पहचान कर पुलिस को बताया कि उसका पुत्र बीते दो दिनों से घर नहीं लौटा था। जिस जगह पर डेडबॉडी मिली है वहां पर काफी मात्रा में ड्रग्स इंजेक्शन निडिल फेंका मिला है।

ज्ञात हो कि, समस्तीपुर जिला के हद में मगरदही, बारह पत्थर, काशीपुर समेत शहर में बढ़ते नशे के कारोबार की गिरफ्त में आकर कई युवक मौत के आगोश में समाते जा रहे है। वहीं नगर पुलिस ऐसे मामलों में लापरवाह बनी है। माले नेता सिंह ने कहा कि भाकपा माले ड्रग कारोबार के खिलाफ स्थानीय रहिवासियों को गोलबंद कर आंदोलन चलाने की घोषणा की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *