Advertisement

डीआरएम सोनपुर ने किया उजियारपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अमित सरन ने बीते 31 अगस्त को उजियारपुर रेलवे स्टेशन का गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन परिसर की स्वच्छता, यात्री सुविधाओं की उपलब्धता, संरक्षा उपायों, प्लेटफॉर्म की संरचना तथा ट्रेनों के सुचारु संचालन की स्थिति का समग्र मूल्यांकन किया।

इस अवसर पर डीआरएम ने स्थानीय रेलकर्मियों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं को जाना तथा यात्रियों की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। साथ ही, स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर विशेष बल दिया। डीआरएम के इस पहल से न केवल यात्रियों को बेहतर अनुभव प्राप्त होगा, बल्कि क्षेत्र के सतत विकास को भी गति मिलेगी।

परामर्शदात्री समिति के सुझाव पर सुधार के लिए मंडल प्रशासन प्रतिबद्ध-अमृतेश

एक अन्य समाचार के अनुसार जिला के हद में सोनपुर मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की चौथी बैठक एक सितंबर को वर्चुअल माध्यम से सफलतापूर्वक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक (वाणिज्य) अमृतेश कुमार ने की।

आयोजित वर्चुअल बैठक में समिति के सदस्यों द्वारा यात्री सुविधाओं, व्यापारिक हितों तथा रेलवे सेवाओं को और अधिक बेहतर बनाने को लेकर गंभीर व व्यापक सुझाव दिया।
बताया जाता है कि उपस्थित सदस्यों ने बैठक के दौरान मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छ एवं समुचित पेयजल उपलब्धता, रेल यात्रियों के लिए आरामदायक बैठने की व्यवस्था एवं यात्री शेड, प्लेटफॉर्म की ऊंचाई, नाला की सफाई, ट्रेनों के ठहराव,अद्यतन जानकारी के लिए सुझाव तथा यात्री वाहनों के लिए सुव्यवस्थित पार्किंग स्थल, सुरक्षित व स्वच्छ विश्राम कक्ष एवं दिव्यांगजन व् वृद्धजनों के लिए सुलभ सुविधाएं जैसे (रैंप, लिफ्ट) आदि की आवश्यकताओं पर बल दिया।

बैठक में मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमृतेश कुमार ने सभी सुझावों को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए आवश्यक बिंदुओं पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा सर्वोपरी है तथा मंडल प्रशासन उनके सुझावों के आधार पर सुविधाओं में सतत सुधार के लिए प्रतिबद्ध है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *