एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में चास नगर निगम से मेयर पद के प्रत्याशी डॉ विकास कुमार पांडेय ने 2 फरवरी विधिवत रूप से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। डॉ विकास के नामांकन से उनके समर्थकों में हर्ष देखा जा रहा है।
नामांकन के पश्चात डॉ विकास ने उपस्थित पत्रकारों को संबोधित करते हुए नगर निगम क्षेत्र के विकास पर दृष्टिकोण और प्राथमिकताओं को स्पष्ट रूप से रखा। उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें सेवा का अवसर देती है, तो उनका मुख्य फोकस ननि क्षेत्र में पेयजल, बिजली, सड़क, रोजगार एवं स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करना होगा। उन्होंने बताया कि कौशल विकास के माध्यम से यहां के युवाओं को रोजगार से जोड़ना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है, जिससे स्थानीय रहिवासियों को अपने ही क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकें।
मेयर पद के प्रत्याशी डॉ विकास ने विशेष रूप से ग्रीष्मकाल को ध्यान में रखते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में चास शहर में पेयजल की किल्लत नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए ठोस एवं स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि ननि के हर वार्ड तक स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, नियमित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति, बेहतर सड़क व्यवस्था तथा प्रभावी साफ-सफाई व्यवस्था उनकी प्राथमिकता सूची में सबसे ऊपर रहेगी। उन्होंने कहा कि, जनता की बुनियादी जरूरतें पूरी करना ही मेरा पहला, अंतिम और सबसे बड़ा संकल्प है। उन्होंने तमाम मेयर पद के दावेदारों को साधुवाद दी है।
उन्होंने कहा कि उन्हें विरासत में राजनीति मिली है। उनके दादा दिवंगत कृष्ण मुरारी पांडेय राजनीति से जुड़कर बोकारो जिला का प्रतिनिधित्व कर चुके है। उनके पिता रविंद्र कुमार पांडेय पांच बार गिरिडीह संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके है। उनके अनुज विक्रम पांडेय भी राजनीति में सक्रिय रहकर जनसेवा के कार्यों में लगे है।
डॉ विकास के नामांकन के अवसर पर उनके पिता गिरिडीह के पुर्व सांसद रविंद्र कुमार पांडेय, चंद्रपुरा पंचायत के मुखिया सहित बड़ी संख्या में समर्थक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं शुभचिंतक उपस्थित रहे, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह और सकारात्मक वातावरण देखने को मिला।
ज्ञात हो कि डॉ विकास चास स्थित के. एम. मेमोरियल अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर के निदेशक है। जिससे ऐसा कयास लगाया जा रहा है कि वे यहां की जनसमस्याओं को नजदीक से देख रहे है और संभवतः समस्याओं के समाधान को लेकर उनके मन में कोई खाका अवश्य होगा, जिसका लाभ चास नगर निगम क्षेत्र की जनता को मिलने की संभावना है। बशर्ते जनता उन्हें अपना समर्थन दे।
![]()













Leave a Reply